इंदौर. यहां एक नाबालिग भाई ने गर्भवती बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बहन ने परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी। दूसरी जाति में शादी करने की वजह से भाई बहन से नाराज था। युवती 6 महीने की गर्भवती थी।
घटना बेटमा थाना क्षेत्र के रावद गांव की है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह शुभम जाट और कार्तिक अपनी बहन बुलबुल के ससुराल पहुंचे। उनके साथ 10-12 लोग थे। वह बहन के दूसरी जाति में शादी करने से काफी नाराज था। ससुराल पहुंचकर वह विवाद करने लगा। बहन उसे समझाने आई तो उसने जेब से पिस्टल निकालकर सिर पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर सब चौंक गए। ससुराल वाले बुलबुल को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। यहां से उसे एमवाय रैफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोर्ट से पति के साथ रहने का मिला था आदेश
बुलबुल के पति कुलदीप ने बताया कि वह और उसकी पत्नी अलग-अलग जाति से थे। दोनों में प्यार हुआ। फिर उन्होंने लव मैरिज कर ली। कुछ समय बाद बुलबुल के परिजन उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली और कुछ महीने पहले कोर्ट ने बुलबुल को उसके साथ भेजने का आदेश दिया।