बालाघाट : नक्सलियों ने वन समिति के अध्यक्ष को बीच चौराहे पर खड़ा कर गोली मारी, आरोपियों में दो महिलाएं भी

0
68

बालाघाट. लांजी थाना क्षेत्र के पितकोना, चौरिया गांव में गुरुवार रात हथियारबंद नक्सलियों ने वन समिति के सदस्य बृजलाल पंद्रे उर्फ कारो (48) की निर्मम हत्या कर दी। नक्सली देर रात ब्रजलाल के घर पहुंचे। उन्हें सोते से उठाया और धमकाते हुए चौराहे तक ले गए। यहां ग्रामीणों की मौजूदगी में उन्हें गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अलर्ट घोषित कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, पिछली रात बृजलाल के घर करीब बीस की संख्या में नक्सली पहुंचे और उसे घसीटकर गांव के चौराहे पर लाए, जहां सबके सामने उसे गोलियों से भून दिया। नक्सलियों में दो महिलाएं भी थी। वारदात के बाद नक्सलियों ने वहां परचे भी फेंके, जिसमें बृजलाल को पुलिस का मुखबिर बताया गया। परचे में लिखा है कि बृजलाल पुलिस का मुखबिर है, इसलिए उसे मौत की सजा दी जा रही है।

 

पहले नक्सलियों के साथ था बृजलाल 

बृजलाल पूर्व में नक्सलियों के साथ था और नक्सली जीवन त्यागकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ गया था। यह बात ही नक्सलियों को नागवार गुजरी। इसलिए उन्होंने बृजलाल को मौत के घाट उतार दिया। यह नक्सली वारदात पुलिस के लिए चुनौती है, किंतु इसके बाद भी पुलिस के आला अफसर इस मामले में कुछ भी कहने से बचते रहे। घटनास्थल नक्सली कोर एरिया के अंतर्गत आता है। इसलिए अभी तक वहां पुलिस टीम नहीं पहुंची है। गांव वाले ही मृतक को अस्पताल लेकर आए हैं।

 

एसडीओपी लांजी नितेश भार्गव के अनुसार बृजलाल उर्फ कारो पूर्व में नक्सलियों का संगम सदस्य था। समाज की मुख्यधारा में वापसी के बाद गांव में वह वन समिति के सदस्य के रूप में समान्य जीवन जी रहा था। नक्सलियों को उस पर पुलिस का मुखबिर होने का शक था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here