बाड़मेर. राजस्थान के बाड़मेर में मुनाबाव रेलवे स्टेशन पर कस्टम विभाग ने शनिवार रात थार लिंक एक्सप्रेस ट्रेन में छापा मारा। इसमें पाकिस्तान से भारत आ रहे तीन पाकिस्तानी नागरिकों को अवैध रुप से सोना लेकर आते पकड़ा गया।
जब्त सोने की बाजार कीमत है करीब पौने तीन लाख रुपए
- जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए पाक नागरिक शब्बीर हुसैन से 50 ग्राम वजनी स्विस मार्का वाला एक सोने का बिस्कुट बरामद किया। इसका बाजार मूल्य 1,65,000/- रुपए आंका गया। विभाग ने यात्री से 15,000/- रुपए की पेनल्टी भी वसूल की।
- इसी तरह दो अन्य पाक नागरिकों से भी कस्टम ने सोने की दो-दो चूड़ियां बरामद की। अधिकारियों ने बताया कि इन यात्रियों से भी भी जुर्माना वसूल किया जाएगा। चार चूड़ियों का वजन करीब 80 ग्राम है। इस पर करीब 2 लाख रुपए की राशि वसूल की जाएगी।
- मुनाबाव रेलवे स्टेशन पर तैनात सहायक कस्टम कमिश्नर एम.एल.शेरा ने बताया कि थार एक्सप्रेस से भारत आने वाले प्रत्येक भारतीय नागरिक अपनी दैनिक जरूरतों के सामान के अतिरिक्त 50,000/- रुपए मूल्य तक का अन्य सामान निःशुल्क ला सकता है। पाकिस्तानी नागरिक के लिए यह छूट सीमा 15,000/- रुपए है।
- लेकिन, कोई भी यात्री अपने साथ प्रतिबंधित सामान अथवा सोना नही ला सकता है। परन्तु पाकिस्तान में सोने के भाव तुलनात्मक रूप से कुछ कम होने के कारण थार एक्सप्रेस के यात्री मुनाफे के चक्कर में सोना ले आते हैं।