आम आदमी पार्टी अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद राघव चड्ढा को गुजरात विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी सौंप दी है। सांसद राघव चड्ढा को गुजरात में पार्टी का सहप्रभारी बनाया गया है। बता दें कि गुजरात में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। भाजपा, कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी भी लंबे समय से अपनी जमीन तैयार करने का प्रयास कर रही है। पार्टी के नेता गुजरात चुनाव को काफी अहम मान रहे हैं तथा उनका दावा है कि प्रदेश में पार्टी के पक्ष में माहौल है। ऐसे में राष्ट्रीय नेता को प्रचार का जिम्मा सौंपा जाए तो पार्टी को अधिक लाभ हो सकता है। राघव चड्ढा इससे पहले सह-प्रभारी पंजाब रहते हुए आम आदमी पार्टी की जीत के अहम सूत्रधार रह चुके हैं। राघव चड्ढा कुशल राजनीतिज्ञ और प्रशासक माने जाते हैं।
सांसद चड्ढा ने शुक्रवार को ट्वीट में लिखा था कि गुजरात बदलाव चाहता है। पार्टी जो भी •िाम्मेदारी देगी, उसके लिए वह तैयार हैं। भाजपा के 27 वर्षों के कुशासन के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे। इसके बाद आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव ईसुदान गढवी तथा प्रदेश महासचिव मनोज सोरठिया ने उनके इस संदेश को री-ट्वीट करते हुए स्वागत किया था। कहा जाता है कि राघव चड्ढा की बनाई रणनीति के जरिये ही आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। राघव चड्ढा के कहने पर ही भगवंत मान को पंजाब में सीएम प्रत्याशी घोषित किया गया और नतीजा यह हुआ कि पंजाब में AAP ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। इससे पहले राघव चड्ढा दिल्ली और पंजाब में अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
बता दें कि गुजरात में भाजपा, कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी भी विधानसभा की सभी 182 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की बात कर रहे हैं। ऐसे में अधिकांश सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय होने की प्रबल संभावना है। पिछले दो चुनाव में आप के आ जाने से जहां कांग्रेस को सीधे नुकसान हुआ है। आप ने सूरत व गांधीनगर महानगर पालिका के चुनाव में कांग्रेस से प्रमुख विपक्षी दल का दर्जा भी छीन लिया। वैसे दिल्ली व पंजाब विधानसभा चुनाव के परिणाम भी दर्शाते हैं कि आप ने कांग्रेस के वोट बैंक पर सीधे कब्जा जमाया है।