नई दिल्ली. मोदी सरकार ने बुधवार अरविंद कुमार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) का प्रमुख नियुक्त किया। वहीं, सामंत गोयल खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के डॉयरेक्टर बनाए गए। अरविंद कुमार और सामंत दोनों 1984 बैच के आईपीएस अफसर हैं। गोयल पंजाब कैडर और कुमार असम-मेघालय कैडर से हैं।
अरविंद कुमार से पहले राजीव जैन आईबी के प्रमुख थे। वहीं, अनिल धस्माना रॉ के डॉयरेक्टर पद पर तैनात थे। जैन और धस्माना दिसंबर 2016 में नियुक्त किए गए थे। लोकसभा चुनाव की वजह से दोनों को 6 महीने का एक्सटेंशन मिला था।
गोयल पाक एक्सपर्ट, अरविंद कश्मीर विशेषज्ञ
गोयल फरवरी में पाकिस्तान के बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2016 सर्जिकल स्ट्राइक की रणनीति बनाने वाले अफसरों में शामिल हैं। गोयल को पाकिस्तान एक्सपर्ट माना जाता है। 1990 के दशक में उग्रवाद से जूझ रहे पंजाब के हालात को भी उन्होंने संभालने में भूमिका निभाई थी। वहीं, अरविंद कुमार को जम्मू-कश्मीर एक्सपर्ट माना जाता है।