बॉलीवुड डेस्क. एक वक्त था जब अर्जुन कपूर का वजन 140 किलो था और उन्हें एयरलाइन्स की सीट में फिट होने में भी दिक्कत होती थी। इसके अलावा उन्हें अस्थमा की बीमारी थी और वो लगातार 10 सेकंड से ज्यादा नहीं दौड़ पाते थे। हालांकि, बाद में जब सलमान खान ने उन्हें एक्टर बनने की सलाह दी तो उन्होंने कड़ी मेहनत कर 4 साल के अंदर अपना वजन 53 किलो तक कम किया। जिस वक्त उनकी डेब्यू फिल्म इशकजादे (2012) रिलीज हुई थी, तब अर्जुन 87 किलो के थे।
इस फिल्म के सेट पर सलमान ने दी थी सलाह
- 34 साल हो चुके अर्जुन का रिश्ता आज भले ही सलमान खान के साथ खट्टा पड़ गया हो। लेकिन उन्हें हीरो बनाने में सलमान का अहम रोल है। 2012 में इशकजादे की रिलीज से पहले अर्जुन ने एक इंटरव्यू में यह बात स्वीकार की थी। उन्होंने कहा था, “सलाम-ए-इश्क (2007) के सेट पर सलमान भाई ने कहा था कि अगर मैं वजन कम कर लूं तो एक्टर बन सकता हूं।”
वांटेड के सेट पर सलमान के साथ होते थे अर्जुन
अर्जुन ने इंटरव्यू में आगे कहा था, “वांटेड के सेट पर मैं उनके (सलमान खान के) आसपास होता था। क्योंकि वो मुझे पूरे समय ट्रेन करना चाहते थे। वो मुझे सुबह जल्दी उठाकर वर्कआउट कराते थे। उनके साथ मैं साइकिल से फिल्म के सेट पर जाया करता था। यही वह वक्त था, जब अहसास हुआ कि मुझे वजन कम कर लेना चाहिए।” अर्जुन के मुताबिक, 19 साल की उम्र में वो डायरेक्टर बनने के बारे में सोचते थे।
यह है अर्जुन का वर्कआउट प्लान
शुरुआत में अर्जुन कपूर का पहला फोकस वजन कम करने पर था। वो सप्ताह में 5 दिन सलमान से ट्रेनिंग लेते थे और एक दिन हैरी रानसन और फिर काइली आर्थर के साथ RAW 28 की प्रैक्टिस करते थे, जो फंक्शनल, स्ट्रेंथ और एंड्यूरेन्स ट्रेनिंग का कॉम्बिनेशन है। बाद में अर्जुन सलमान की मदद के बगैर अपना वर्कआउट खुद करने लगे।
- वो अपने वर्कआउट की शुरुआत वार्मअप से करते हैं। इसके बाद कार्डियो और फिर वेट ट्रेनिंग करते हैं। इसके बाद वो अपनी सर्किट ट्रेनिंग और फिर HIIT (हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग) करते हैं। 20 मिनट के लिए क्रॉस फिट करना नहीं भूलते और फिर पुल अप्स, बेंच प्रेसेस, डेडलिफ्ट्स और स्क्वैट्स के साथ अपना वर्कआउट पूरा करते हैं।
अर्जुन का डाइट प्लान
पंजाबी परिवार से होने की वजह से उन्हें मटन, चिकन और नांस बहुत पसंद हैं। यहां तक कि कभी वो एक दिन में 6 बर्गर भी खा जाते थे। लेकिन फिर उन्हें अहसास हुआ कि प्रॉपर डाइट के बगैर वजन कम करना मुश्किल है तो उन्होंने जंक फ़ूड से दूरी बना ली और हेल्दी खाना शुरू किया। अर्जुन ने मल्टीग्रेन ब्रेड, एग व्हाइट लेना शुरू किया। चावल को रोटी से रिप्लेस किया। खाने में फलों की मात्रा बढ़ा दी और मिठाई खाना बंद कर दिया।
ऐसा है अर्जुन का डाइट प्लान
- नाश्ते में 4-6 एग व्हाइट, एक एग योल्क ब्राउन ब्रेड टोस्ट के साथ।
- लंच में बाजरे की रोटी या फिर दाल या सब्जी या चिकन के साथ आटा रोटी। अर्जुन बाजरा की रोटी को प्राथमिकता देते हैं, क्योंक इसमें फाइबर ज्यादा होता है।
- डिनर में हल्का खाना, जिससे अच्छा प्रोटीन मिले। आमतौर पर मछली, चिकन या फिर मीट लेते थे।
- हर वर्कआउट के बाद प्रोटीन शेक लेते हैं, जो उन्हें हाईड्रेट और एनर्जेटिक रखता है। व्हाइट राइस के मुकाबले वो ब्राउन राइस या फिर क्विनोआ लेना पसंद करते हैं।
- शुगर की जगह प्राकृतिक विकल्प जैसे स्ट्रॉबेरीज, पाइनएप्पल लेते हैं।
- दिन में ब्लैक कॉफी लेते रहते हैं, जो मोटापे को घटाने मदद करता है।
- वीकेंड में एक दिन डाइट के साथ चीट करते हैं और अपना मनपसंद खाना खाते हैं और इस दौरान वो जिम को भी अवॉयड करते हैं।