झारखंड : झाविमो विधायक प्रदीप यादव को शोकॉज नोटिस, सोनिया-राहुल से मुलाकात पर 48 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

0
58

रांची. झारखंड विकास मोर्चा के विधायक प्रदीप यादव को पार्टी की ओर से शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। इस संबंध में विधायक से 48 घंटे के अंदर जवाब भी मांगा गया है। जवाब न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बाद कही गई है। नोटिस में कहा गया है कि प्रदीप यादव ने पार्टी के निर्देश के बिना दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी।

 

पार्टी विरोधी बयान को भी बनाया गया आधार
जेवीएम के केंद्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से आपके द्वारा पार्टी के खिलाफ विभिन्न समाचार पत्रों में दिया गया बयान पार्टी के अनुशासन के खिलाफ प्रतीत होता है। यहां तक कि पार्टी अध्यक्ष के खिलाफ भी टिप्पणी आपके द्वारा की गई है, जो समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ है। 20 जनवरी को गोड्डा में कांग्रेस के सीएए के खिलाफ आयोजित सभा में आपने पार्टी के निर्देश के बगैर भाग लिया और भाषण भी दिया। जबकि, पार्टी स्तर पर सीएए पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। पार्टी के निर्देश के बगैर 23 जनवरी को आप कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पार्टी के नेता राहुल गांधी से भी मिले हैं, जिसमें  झारखंड के प्रभारी आरपीएन सिंह भी मौजूद थे। अभी हाल ही में 30 जनवरी 2020 को गोड्डा में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का भी आपने संकेत दिया है। यह सब दर्शाता है कि आप पार्टी के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं और आप कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। पार्टी अध्यक्ष के निर्देश के मुताबिक, इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण 48 घंटे के अंदर दें अन्यथा पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगी।

21 जनवरी को विधायक बंधु तिर्की को किया था पार्टी से निष्कासित
मांडर से झाविमो (झारखंड विकास मोर्चा) के विधायक बंधु तिर्की को पार्टी ने 21 जनवरी को निष्कासित कर दिया था। बंधु पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप था। इस संबंध में बंधु से स्पष्टीकरण मांगा गया था पर तय समय तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की गई थी।

भाजपा में झाविमो के विलय की कवायद तेज
बंधु तिर्की पर की गई कार्रवाई और विधायक प्रदीप यादव को जारी नोटिस को अब झाविमो का भाजपा में विलय की कवायद से जोड़ कर देखा जा रहा है। झारखंड विधानसभा चुनाव में बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के तीन विधायकों ने जीत दर्ज की थी। इसमें बंधु तिर्की और प्रदीप यादव शामिल हैं। बंधु को पार्टी ने पहले ही निष्कासित कर दिया है।

दरअसल, 17 जनवरी को झारखंड विकास मोर्चा ने नई कार्यसमिति घोषित की थी। झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को सिर्फ कार्यसमिति का सदस्य बनाया था। पहले की कमेटी में प्रदीप यादव प्रधान महासचिव और बंधु तिर्की केंद्रीय महासचिव थे। कार्यसमिति में प्रदीप यादव की जगह मरांडी के खास माने जाने वाले जमशेदपुर के अभय सिंह को प्रधान महासचिव बनाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here