सीएए का विरोध : कांग्रेस का आज राजघाट पर प्रदर्शन, राहुल बोले- मोदी-शाह की हिंसा के खिलाफ साथ आएं

0
51

नई दिल्ली. कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (एनआरसी) के विरोध में सोमवार को राजघाट में प्रदर्शन करेगी। राहुल गांधी ने ट्वीट कर युवाओं से इस प्रदर्शन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा, “भारत के छात्रों और युवाओं, अब सिर्फ यही काफी नहीं कि आप भारत को महसूस करें। इस तरह के नाजुक समय में यह बताना जरूरी है कि आप खुद भारत हैं और इसे नफरत से तबाह नहीं होने देंगे। भारत में मोदी-शाह की नफरत और हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन के लिए आज 3 बजे मेरे साथ राजघाट में जुड़िए।”

कांग्रेस ने रविवार को ही राजघाट में प्रदर्शन का ऐलान किया था। माना जा रहा है कि इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी।

‘आपको अपनों से अलग करने की कोशिश कर रही सरकार’
राहुल ने एक दिन पहले ही ट्वीट कर मोदी और शाह पर छात्रों और युवाओं के भविष्य को तबाह करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सरकार अर्थव्यवस्था की तबाही पर आपका गुस्सा नहीं झेल सकती, इसलिए वो आपको अपनों से अलग करने की कोशिश कर रही है।

जामिया हिंसा के बाद दक्षिण कोरिया चले गए थे राहुल
जामिया में प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा के अगले ही दिन राहुल गांधी दक्षिण कोरिया दौरे पर निकल गए थे। इसे लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी। राहुल की गैरमौजूदगी में उनकी बहन प्रियंका गांधी युवाओं के साथ प्रदर्शनों में शामिल हुईं। उन्होंने 17 दिसंबर को इंडिया गेट पहुंचकर सीएए कानून के खिलाफ विरोध जताया। 28 दिसंबर को एक बार फिर दिल्ली के दरियागंज में हुई हिंसा के खिलाफ वे इंडिया गेट पहुंची थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here