पटना. लोकसभा चुनाव प्रचार में ‘सभी मोदी चोर क्यों हैं’ कहने के मामले में राहुल गांधी शनिवार को पटना की विशेष अदालत में पेश हुए। जज ने राहुल को उन पर लगे आरोप पढ़कर सुनाए। इसके बाद राहुल ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। कोर्ट ने उन्हें 10 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। यह मानहानि केस उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने दायर किया है।
राहुल ने कोर्ट के बाहर कहा, ”जो भी संघ और नरेंद्र मोदी जी की विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है। उस पर हमला होता है और कोर्ट में घसीटा जाता है। मैं किसानों और मजदूरों के साथ खड़े होने के लिए आया हूं। जहां भी जाना होगा जाऊंगा। मेरी लड़ाई संविधान को बचाने के लिए है। हिन्दुस्तान के आवाज को दबाया जा रहा है। मैं कांग्रेस अध्यक्ष नहीं हूं तो भी लड़ाई जारी रखूंगा।” कोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल के इस्तीफा वापस लेने की मांग पर नारेबाजी की।
मानहानि केस में मुंबई कोर्ट से भी जमानत मिली
कन्नड़ पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या से जुड़े मानहानि केस में राहुल को 4 जुलाई को मुंबई के शिवड़ी कोर्ट से जमानत मिल गई थी। यहां के संघ कार्यकर्ता ध्रुतीमान जोशी का आरोप था कि राहुल ने गौरी लंकेश की हत्या के 24 घंटे के अंदर कहा कि जो लोग संघ और भाजपा की विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाते हैं। उन पर हमले किए जाते हैं। यहां तक कि उन्हें जान से मार दिया जाता है। 5 सितंबर 2017 को बेंगलुरु में बाइक से आए लोगों ने गौरी की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
इस महीने गुजरात में राहुल की तीन पेशी
मानहानि के अलग-अलग केस में इस महीने राहुल गांधी की गुजरात में तीन पेशियां हैं। 9 और 12 जुलाई को अहमदाबाद, 24 तारीख को सूरत कोर्ट में पेश होना है।