नई दिल्ली. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 5 जुलाई को बजट पेश करेंगी। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। वित्त मंत्री बनने के बाद निर्मला सीतारमण का यह पहला बजट होगा। एनडीए की पिछली सरकार में वे रक्षा मंत्री थीं।
1991 में पहली बार असम से राज्यसभा सांसद चुने गए थे सिंह
- मनमोहन सिंह नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री थे। वे 1991 में किए गए आर्थिक सुधारों के लिए जाने जाते हैं। वित्त मंत्री बनने के बाद सीतारमण की मनमोहन सिंह के साथ यह पहली मुलाकात थी।
- 28 साल में पहला मौका है, जब मनमोहन सिंह बजट सत्र में मौजूद नहीं होंगे। इसी महीने में उनका राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो गया। वे 1991 में पहली बार असम से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। पिछले साल दिसंबर में एक किताब के लॉन्चिंग पर उन्होंने कहा था कि वे ना केवल देश के एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर थे, बल्कि एक्सीडेंटल वित्त मंत्री भी थे।
- निर्मला सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं। हालांकि, इससे पहले इंदिरा गांधी भी वित्त मंत्रालय संभाल चुकी हैं, लेकिन उनके पास इसका अतिरिक्त प्रभार था।