होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे कोरोना मरीजों का दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डाक्टरों को 24 घंटे के अंदर फोन पर काउंसलिंग के आदेश दिए है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा है कि होम आइसोलेशन वाले कोरोना मरीजों को किट के साथ ऑक्सीमीटर उपलब्ध करवाने के साथ अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों का स्वास्थ्य विभाग स्पष्ट तरीके से रिकार्ड रखे। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने होम आइसोलेशन प्रणाली को और मजबूत करने और बेहतर इलाज के उद्देश्य से आज दिल्ली सचिवालय में समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को होम आइसोलेशन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) और संभागीय आयुक्त समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे लोगों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि होम आइसोलेशन में अपना इलाज करा रहे मरीजों की अच्छी देखभाल की जा रही है और उनके स्वास्थ्य पर हर पल नजर रखी जा रही है। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर होम आइसोलेशन को और प्रभावी मनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।