रांची. पिस्कामोड़ स्थित शाहदेव नगर में बीती रात हुई बारिश से स्थिति बिगड़ गई है। पूरे रोड पर जलजमाव हो गया। कई घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया। क्योंकि पानी निकलने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह रविवार को शाहदेव नगर की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
सीपी सिंह ने लोगों से समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने बताया कि रोड पर कई स्थानों पर गड्ढे बने हुए हैं, जिसमें वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। पिछले 10 दिनों से यही स्थिति है। नाली निर्माण नहीं होने की वजह से पानी रोड पर जमा हो रहा है। निगम द्वारा कुछ स्थानों पर नाली का निर्माण कराया जा रहा था। लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे गंदे पानी से होकर ही लोगों को गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बार-बार शिकायत के बाद भी शाहदेव नगर की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इस पर मंत्री ने कहा कि जल्द ही नाली का निर्माण कराकर क्षेत्र के समस्या दूर की जाएगी।