Maharashtra: एकनाथ शिंदे पड़े नरम, महाराष्ट्र के डिप्टी CM पद की लेंगे शपथ

0
152

शिवसेना नेता उदय सामंत ने बृहस्पतिवार दोपहर को घोषणा की कि पार्टी अध्यक्ष एकनाथ शिंदे शाम को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा विधायक दल के नेता देवेन्द्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि शिंदे और राकांपा प्रमुख अजित पवार उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

शिंदे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे- सामंत
दोपहर में सामंत द्वारा की गई घोषणा से नयी महायुति सरकार में शिंदे की भूमिका को लेकर छाई अनिश्चितता दूर हो गई है। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से भेंट करने से पहले राजभवन के बाहर सामंत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हमने देवेंद्र फडणवीस से इस बारे में चर्चा की जिन्होंने हमें इस बात की पुष्टि करते हुए एक पत्र दिया है कि शिंदे उपमुख्यमंत्री के रूप में उनके साथ (शपथ ग्रहण में) शामिल होंगे। मैं इसे राज्यपाल को सौंपने आया हूं।”

PunjabKesari

पिछली महायुति सरकार में मुख्यमंत्री रहे शिंदे कथित रूप से प्रसन्न नहीं थे क्योंकि उन्हें यह पद सहयोगी दल भाजपा के लिए छोड़नी पड़ा।वह उपमुख्यमंत्री बनने को लेकर अनिच्छुक थे। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव हुए और 23 नवंबर को परिणाम आए। इसके बाद दो हफ्ते तक चली गहन बातचीत से नई सरकार के गठन की रूपरेखा सामने आई। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा, शिवसेना और रांकपा के गठबंधन महायुति के पास 230 सीट हैं।

भाजपा नेता सुधीर मुनगंटिवार ने संवाददाताओं से कहा कि फडणवीस दो उपमुख्यमंत्रियों के साथ शपथ लेंगे तथा मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य बाद में शपथ लेंगे। यह तीसरी बार है कि फडणवीस (54) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों ने यहां बताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के उपमुख्यमंत्रियों के रूप में शपथ लेने की संभावना है। अजित पवार ने कहा है कि वह बृहस्पतिवार को शपथ लेंगे जबकि शिंदे गुट की ओर से अब तक उनके उप मुख्यमंत्री पद स्वीकार करने की पुष्टि नहीं हुई है।

सिद्धिविनायक मंदिर गए फडणवीस
शपथ ग्रहण समारोह से पहले फडणवीस आज सुबह यहां प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर गये और वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। बुधवार को फडणवीस ने सरकार गठन का औपचारिक दावा करने के लिए शिंदे और पवार के संग राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात की थी तथा गठबंधन के घटक दलों के समर्थन वाले पत्र उन्हें सौंपे थे। बुधवार को उससे पहले बैठक में फडणवीस को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।

PunjabKesari

प्रधानमंत्री समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल 
भाजपा नेता प्रसाद लाड ने पहले कहा था कि शपथ ग्रहण समारोह में लगभग 42,000 लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने बताया था कि 40,000 भाजपा समर्थकों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और विभिन्न धर्मों के नेताओं सहित 2,000 गणमान्य लोगों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सुरक्षा के लिए 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here