चंडीगढ़ . रैप गायक यो यो हनी सिंह के खिलाफ गीतों में अश्लीलता परोसकर सांस्कृतिक प्रदूषण फैलाने के आरोप में जल्द ही केस दर्ज हो सकता है। पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी द्वारा की गई शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए मोहाली के एसएसपी को हनी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
इस बीच, एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर ने डीजीपी के आदेश पर कार्यवाही शुरू करते हुए जिले के एसपी डी को मामले की जांच करने को कहा है। जांच के आधार पर पुलिस हनी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी। हनी सिंह का एक नया गीत मखना हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसकी शब्दावली बेहद आपत्तिजनक है और यह महिलाओं का अपमान करती है। गीत में हनी सिंह ने ‘मै हूं वुमेनाइजर’ जैसे शब्द इस्तेमाल किए हैं। इस संबंध में राज्य महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए डीजीपी पंजाब पुलिस को हनी सिंह के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा है।