यूपी-बिहार, उत्तराखंड सहित जाने इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

0
64

देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार, पंजाब और हरियाणा में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। वहीं, दक्षिणी राज्यों में भी लगातार बारिश हो रही है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। आने वाले कुछ दिनों में कुछ राज्यों में पारा और गिर सकता है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का क्या हाल रहने वाला है।

देश की राजधानी दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों में ठिठुरन और बढ़ सकती है। सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सर्द हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में पराली के धुएं के कारण हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। रविवार के बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है।राजधानी लखनऊ में ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख एम दानिश ने बताया कि शुक्रवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्के से मद्धम कोहरा हो सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध रहेगी, जबकि न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुछ हिस्सों में नवंबर में के आखिरी हफ्ते में हल्की बारिश की संभावना है। दिसंबर के पहले सप्ताह में पहाड़ों में बर्फबारी के अनुमान से मैदानी इलाकों में भी पारा गिर सकता है।

बिहार में पछुआ पवन का असर देखने को मिल रहा है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। 15 नवंबर के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, अभी बारिश की संभावना नहीं है।मौसम विभाग की माने तो हिमाचल प्रदेश के अधिकतर स्थानों में मौसम साफ रहेगा। गुरुवार को ऊंचे इलाकों में हुई बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। धूप खिलने से दिन में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।उत्तराखंड में गुरुवार को हिमालय की चोटियों पर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि भी हुई है। दो दिन बाद मौसम फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन कुमाऊं मंडल में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here