बिजनौर. शहर कोतवाली स्थित निजामतपुर गांव में भाई-बहन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतका के पति पर है। परिजनों ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि बुधवार को वह मेला घुमाने की बात कहकर दोनों को घर से ले गया था। रास्ते में उसने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
दो साल पहले हुई थी शादी
निजामतपुर की रहने वाली जया की शादी 2 साल पहले नूरपुर स्थित धमरौला गांव निवासी सोमपाल से हुई थी। जया 8 महीने की गर्भवती थी। लेकिन पति से विवाद के चलते वह कुछ दिन पहले अपने मायके निजामत पुरा आई थी। दो दिन पहले सोमपाल ससुराल पहुंचा और अपनी गलतियों पर माफी मांगी।
एक किमी की दूरी पर मिले दोनों शव
बुधवार की शाम वह पत्नी जया को मेला घुमाने की बात कहकर ले गया। उसके साथ जया का भाई अरविंद भी था। लेकिन देर रात तक तीनों वापस घर नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चला। गुरुवार सुबह गांव से करीब एक किमी की दूरी पर जया का शव खेत में मिला। वहीं, बहन के शव से एक किमी दूर भाई अरविंद का भी शव गन्ने के खेत में पाया गया।
परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज
पुलिस के अनुसार दोनों की हत्या गोली मारकर की गई है। मृतकों के परिजनों ने सोमपाल के खिलाफ नामजद तहरीर दी। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों मृतक के शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।