शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मरीजों व प्रसूताओं से उनका हालचाल पूछा, स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी हासिल की। बातचीत में मरीजों ने अस्पताल में कच्ची रोटी परोसे जाने की शिकायत की तो डीएम खुद अन्नपूर्णा भोजनालय पहुंच गए। उन्होंने रसोइए को रोटी बनाने का इशारा किया। रसोइया ने एक रोटी बनाकर दिखायी तो वे असंतुष्ट दिखे।
इसके बाद उन्होंने खुद ही हाथों में बेलन ले लिया और रोटी बनानी शुरू कर दी। डीएम ने रसोइए को गोल रोटी कैसे बनाते हैं, यह बेलकर दिखाया। डीएम ने तवे पर रोटी भी सेंकी। रोटी को सेंकने का तरीका भी रसोइए को समझाया। इसके बाद दस रुपए का टोकन लेकर थाली ली और तीमारदारों के साथ बैठकर खाना खाया।
‘खाना बनाना हुनर, पत्नी, बहन व मां की मदद करें’
इस दौरान डीएम ने कहा कि हर काम का महत्व अपनी जगह है, चाहे वह खाना पकाना हो या फिर कुछ और। रोटी बेलना या खाना बनाना आसान नहीं है। खाना बनाना एक कला है। पुरुषों को थोड़ा समय निकालकर पत्नी, मां व बहन की मदद करनी चाहिए। इससे बच्चों में एक आदत बनती है कि वे अपना काम खुद करें।