वारदात : कार सवारों ने एएसआई पर पहले किए 5 फायर, फिर दरांत से किया हमला

0
74

अमृतसर. अमृतसर जिले के रामपुरा गांव के एएसआई प्रभजीत सिंह को रविवार दोपहर 4 युवकों ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। एएसआई के मुताबिक आरोपियों ने पहले उस पर 5 गोलियां चलाई, मगर वह किसी तरह से बच गया। इसके बाद आरोपियों ने दरांत से उस पर हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना उस समय हुई, जब वह अपने खेतों में मजदूरों को चाय देने गया था।

 

एएसआई प्रभजीत सिंह ने बताया कि वह आईआरबी की 5वीं बटालियन में तैनात हैं और इस समय फिल्लौर पुलिस अकादमी में परमोशन का कोर्स कर रहा है। शनिवार को वह बच्चों से मिलने के लिए एक दिन की छुट्टी पर आया था।

 

रविवार दोपहर 12 बजे वह बाइक पर अपने खेतों में काम कर रहे मजदूरों को चाय देने गया था। मजदूरों को चाय पकड़ाकर जब वह वापस चला तो एक सफेद कार में सवार चार युवकों ने उसे रोक कर छेहर्टा का रास्ता पूछा। इस पर उन्होंने युवकों से कहा कि वे लोग गलत साइड आ गए हैं, इसलिए कार वापस घुमाकर जीटी रोड की तरफ चले जाएं। उसके इतना कहते ही कार की पिछली सीट पर बैठे दो युवक नीचे उतरे और उनमें से एक ने गालियां देते हुए उस पर दरांत से हमला बोल दिया।

 

उसने किसी तरह संभलते हुए उस युवक को धक्का दिया तो दूसरे युवक ने रिवाॅल्वर या देसी कट्टा निकालकर उस पर दो फायर किए, मगर वह बच गया और छलांग लगाकर खेतों में चला गया। इसके बाद युवक ने उस पर पीछे से तीन गोलियां और चलाईं। जब वह पांचों गोलियों से बच गया तो तीन युवक खेतों में उसके पीछे भागे। तकरीबन आधा किलोमीटर भागने के बाद उसकी एक युवक से हाथापाई हो गई। इसी दौरान बाकी दोनों युवकों ने उस पर दरांत से हमला कर दिया।

 

घायल प्रभजीत सिंह की चीखें सुनकर खेतों में काम कर रहे मजदूर जब मदद के लिए दौड़े तो तीनों युवक घबराकर भाग खड़े हुए। भागते समय भी युवकों ने कई गोलियां चलाईं। प्रभजीत के अनुसार, युवकों ने घटनास्थल पर तकरीबन एक दर्जन फायर किए। गांव वालों और मजदूरों के मुताबिक हमला करने वाले सभी युवकों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। घरिंडा थाने के सब-इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि चारों अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।

 

2012 में अकाली नेता ने कर दिया था ताऊ के बेटे का कत्ल

घायल प्रभजीत सिंह ने बताया कि उसके ताया के बेटे एएसआई रविंदरपाल सिंह का 5 दिसंबर 2012 को अकाली नेता रंजीत सिंह राणा और उसके साथियों ने दिनदहाड़े कत्ल कर दिया था। घर वालों का आरोप था कि आरोपी एएसआई की बेटी को परेशान करते थे। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने एएसआई की हत्या कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here