नई दिल्ली/ इस्लामाबाद/ ढाका/ काठमांडू. दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब तक 151 देशों में 156,760 मामले सामने आ चुके हैं। 5,839 लोगों की मौत हुई है। साउथ एशियन एसोसिएशन फॉर रीजनल कोऑपरेशन (सार्क) से जुड़े देशों में भी स्थिति बिगड़ने लगी है। इसमें शामिल 8 देशों में कुल 173 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। सबसे ज्यादा भारत में 107 मामले हैं। पाकिस्तान में तीन दिनों के अंदर संक्रमितों की संख्या 12 से बढ़कर 31 हो गई। इस हालात से निपटने के लिए रविवार शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्क देशों के नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। इसकी पहल पीएम मोदी ने ही की थी। जिसका सार्क देशों के नेताओं ने स्वागत किया था। हालांकि इसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान नहीं शामिल होंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस कॉन्फ्रेंसिंग में इमरान के स्पेशल असिस्टेंट डॉ. जफर मिर्जा शामिल होंगे। वहीं अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी और मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने कॉन्फ्रेंसिंग में पीएम मोदी के साथ वार्ता करने के लिए सहमति जताई है। सार्क में भारत के साथ पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, मालदीव, श्रीलंका, अफगानिस्तान और भूटान शामिल है।
Timely action for a healthier planet.
Tomorrow at 5 PM, leaders of SAARC nations will discuss, via conferencing, a roadmap to fight the challenge of COVID-19 Novel Coronavirus.
I am confident that our coming together will lead to effective outcomes and benefit our citizens.
— Narendra Modi (@narendramodi) March 14, 2020
सार्क देशों में संक्रमित मरीजों की संख्या
देश | संक्रमित मरीज |
भारत | 107 |
पाकिस्तान | 31 |
अफगानिस्तान | 11 |
श्रीलंका | 10 |
मालदीव | 10 |
बांग्लादेश | 02 |
भूटान | 01 |
नेपाल | 01 |
कुल | 173 |
भारत, पाकिस्तान और नेपाल ने बॉर्डर सील किए
कोरोना के चलते भारत, पाकिस्तान और नेपाल ने अपने-अपने बॉर्डर सील कर दिए हैं। पाकिस्तान में 7 हजार लोग सरकार की निगरानी में हैं। ये हाल के दिनों में विदेश यात्रा से लौटे हैं। वहीं भारत में करीब 50 हजार लोग निगरानी में हैं। नेपाल ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई रोक दी है। बांग्लादेश ने सभी विदेशी यात्राओं पर रोक लगाई है। मालदीव, भूटान और अफगानिस्तान ने भी वीजा आवेदन की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। यहां करीब 8 हजार लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।