मुंबई. शुक्रवार सुबह से मुंबई, पालघर और आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश हुई। इससे शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश से अंधेरी,जोगेश्वरी, बोरिवली, दादर, घाटकोपर, मुलुंड, चर्चगेट, पवई, वसई और पालघर समेत आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे सड़कों पर लंबा जाम लग गया। बारिश के चलते रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की भीड़ लगी है। वहीं सड़कों पर पानी भरने के कारण ऑफिस जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल बारिश से मुंबई की लाइफलाइन लोकल पर कोई खास असर नहीं देखा जा रहा है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रवक्ता ने बताया कि बारिश से दृश्यता 1500 मीटर है। सुबह 9 बजे के आसपास सिर्फ एक फ्लाइट का डायवर्जन किया गया था। बाकी विमानों की आवाजाही जारी है। मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस वे पर बारिश के चलते गाड़ियों का कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
पालघर में 8 साल के बच्चे की मौत
आपदा नियंत्रण कक्ष के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि पालघर जिले के सतकोर गांव में गुरुवार शाम बिजली गिरने से एक आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। सुबह से हो बारिश से मुंबई के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार सुबह 8 बजे मुंबई का तापमान गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
फिलहाल लोकल ट्रेनों की रफ्तार पर असर नहीं
फिलहाल बारिश से मुंबई की लाइफलाइन लोकल पर कोई खास असर नहीं देखा जा रहा है। हालांकि कुछ स्टेशनों पर मुसाफिर फंस गए हैं। वहीं, मुंबई मेट्रो की सेवाएं भी सुचारु रूप से चल रही हैं। वेस्टर्न रेलवे रूट पर लोकल ट्रेनों का संचालन नॉर्मल है, जबकि सेंट्रल लाइन पर ट्रेनें 30 मिनट तक की देरी से चल रही हैं। वेस्टर्न रेलवे ने ट्वीट में लिखा है, ‘मुंबई में मॉनसून आ गया है। वेस्टर्न रेलवे के उपनगरीय इलाकों में कुछ जगह भारी बारिश हो रही है। लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं और उनके संचालन में कोई व्यवधान नहीं आ रहा है।’
महाराष्ट्र के 12 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम एजेंसी स्काईमेट का अनुमान है कि अगले 48 घंटे में मुंबई में 100 मिमि तक बारिश हो सकती है। मुबई के अलावा, अलीबाग, कोल्हापुर, सबअर्बन, नागपुर, पालघर, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सांगली, सतारा, सिंधुदुर्ग और ठाणे में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक राज्य में सबसे ज्यादा नासिक में 374.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है।