अमित शाह ने सोमवार को अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ मुंबई के प्रसिद्ध लाल बाग के राजा के दर्शन किए। इस मौके पर गृह मंत्री के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मुंबई दौरे पर हैं। महाराष्ट्र में भाजपा के गठबंधन की शिंदे-फडणवीस सरकार बनने के बाद यह पहला मौका है जब गृह मंत्री अमित शाह मुंबई पहुंचे हैं। लाल बाग के राजा के आशीर्वाद लेने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बंगले पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने गणपति की पूजा अर्चना की और फडणवीस परिवार से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, अमित शाह और उनकी पत्नी देवेन्द्र फडणवीस के घर पर लंच करने के बाद आगे के लिअ रवाना होंगे।
इसके बाद तय कार्यक्रम के तहत अमित शाह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के वर्षा बंगले पर जाएंगे। यहां पर वे शिंदे के घर में स्थापित गणपति के दर्शन करेंगे। जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह साढ़े तीन पवई स्थित एल एंड टी कैंपस में एक स्कूल का उद्घाटन करेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र से पहले गृह मंत्री अमित शाह गुजरात दौरे पर थे। रविवार को वे अहमदाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। अनुपम स्मार्ट स्कूल के उद्घाटन के बाद छठी अखिल भारतीय जेल ड्यूटी मीट में अमित शाह ने भाग लिया। यहां पर उन्होंने कहा कि जेल में बंद सभी कैदी स्वभाव से अपराधी नहीं होते। उन्होंने कहा कि जेल के प्रति समाज का नजरिया बदलने की जरूरत है।