मुंबई. छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य रनवे को आखिरकार चार दिन बाद शुक्रवार को पूरी तरह से खोल दिया गया। शुक्रवार सुबह ही यहां मुंबई में आई भारी बारिश के बाद फिसले स्पाइस जेट के विमान को हटाया गया था। एयर इंडिया के कर्मचारियों के प्रयास से इसे हटाया जा सका।
मुंबई एयरपोर्ट पर 24 घंटे के दौरान 900 से ज्यादा फ्लाइट्स का आवागमन होता है। मुख्य रनवे बंद होने के कारण विमानों के परिचालन में दिक्कत आ रही थी। एयरपोर्ट ऑथरिटी से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर 04.47 बजे से फिर विमान की उड़ान के लिए रनवे शुरू किया गया।
ऐसे हुई थी दुर्घटना
स्पाइस जेट का विमान एसजी 6237 सोमवार रात करीब पौने बारह बजे जयपुर से मुंबई पहुंचा और रनवे पर उतरने के दौरान पानी के कारण फिसल कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद सभी यात्री सुरक्षित थे। हादसे के बाद मुख्य रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और हवाई अड्डे के सैकेंडरी रनवे से विमानों का परिचालन शुरू किया गया। रनवे बंद होने के कारण कई विमानों को गोवा, अहमदाबाद और बेंगलुरु भेजा गया था।