रोशनी का त्योहार दीपावली पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। कई राजनेताओं ने त्योहार को खास तरीके से मनाया। पीएम मोदी ने भारतीय सेना के जवानों के साथ कारगिल में दिवाली मनाई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए यह त्योहार खास था। दरअसल, पत्नी डा. गुरप्रीत कौर के साथ उनकी यह पहली दिवाली थी। भगवंत मान इसी वर्ष 7 जुलाई को विवाह बंधन में बंधे। उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर मान ने ट्विटर पर घर पर दिवाली सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों में जगमगाता घर साफ दिख रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां सफेद कुर्ता-पायजामा और पीले रंग की जैकेट पहने हुए हैं, वहीं पीले रंग की पगड़ी के साथ लुक को पूरा कर रहे हैं। उनकी पत्नी पीले रंग का सलवार सूट पहने नजर आ रही हैं। दीवाली के अवसर पर मान और उनकी पत्नी ने मोहाली में गुरुद्वारा अंब साहिब में भी अरदास की व माथा टेका। उन्होंने सड़क किनारे एक विक्रेता से कुछ दीये भी खरीदे।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुद्वारा साहिब के निकट सड़क किनारे मिट्टी के दीए बेच रहे लोगों से दीए भी खरीदे। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि त्योहारों पर मिट्टी के दीयों से घरों को रोशन करें।