रांची : सीएम ने वन महोत्सव का किया शुुभारंभ, 44 नदियों के तट पर 8.25 लाख पौधे लगेंगे

0
273

रांची.  मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को 70 वां नदी महोत्सव सह वन महोत्सव का शुभारंभ किया। बोड़ेया में जुमार नदी तट पर पौधरोपण के साथ महोत्सव का उद्घाटन किया गया। झारखंड के 24 जिलों के 44 नदी तट, 64 स्थल, 244 किलोमीटर का क्षेत्र और 8.25 लाख पौधरोपण एक माह में होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार पुनः समय आ गया है कि आप फिर अपने हिस्से का एक पौधा लगाएं और उसे पेड़ बनाएं। झारखंड को उसके नाम के अनुरूप वनों से आच्छादित करने में राज्य सरकार को सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने वन विभाग की 2018 वृक्षारोपण कार्यक्रम से संबंधित लघु पुस्तिका का भी विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान मुकुंद नायक ने अपनी प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने स्वयं मांदर की थाप देकर इस अभियान को सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया।

करम वृक्ष के 1 लाख पौधे लगाए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की संस्कृति से जुड़े करम पर्व और सरहुल पर्व के दौरान करम के 1-1 लाख पौधे लगाए जाएंगे। करीब 60 हजार करम के पौधे 2018 में लगाए गए थे। ऐसा करने का तात्पर्य इस बात पर निहित है कि क्योंकि सरहुल और करम पर्व प्रकृति जुड़े हमारे महत्वपूर्ण पर्व हैं। पुरातन काल से ही पेड़ पौधे हमारी संस्कृति और पूजा- पाठ से जुड़े रहे हैं और रहेंगे।

सरकार विकास करेगी, लेकिन प्रकृति का संरक्षण भी होगा
सरकार की मंशा बिल्कुल स्पष्ट है। सरकार जो भी विकास कार्य करेगी उसमें प्रकृति के संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। हम सभी को पता है कि पानी वही बरसता है, जहां पेड़ होंगे, पेड़ नहीं होंगे तो वर्षा नहीं, वर्षा नहीं तो फसल नहीं। इस लिए भूमि, मिट्टी, पौधा, पानी और प्राणी का प्रबंधन करें, ताकि आनेवाली और वर्त्तमान पीढ़ी का जीवन सुखमय हो। इसी अनुरूप सरकार भी कार्य करेगी और राज्य की जनता से भी यही अपेक्षित है।

जल प्रबंधन की गंभीरता पर विचार जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में जल संकट को देखते हुए जल शक्ति मंत्रालय का गठन किया है, जिससे जल प्रबंधन की दिशा में कार्य हो सके। दूषित जल की समस्या से देश और राज्य जूझ रहा है। शिशु और मातृ मृत्यु दर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जल प्रबंधन अभियान इस दिशा में अपनी सार्थक भूमिका दर्ज करेगा।

अपने लगाए पौधे की रक्षा करें
मुख्यमंत्री ने समस्त राज्य वासियों से अपील की कि इस अभियान में एक एक पौधा जरूर लगाएं और सप्ताह में एक दिन श्रम दान करें। अपने लगाए पौधे की रक्षा करें उसे सूखने ना दें।

ये थे उपस्थित
इस अवसर पर सांसद रांची संजय सेठ, विधायक कांके जितुचरण राम, खिजरी विधायक रामकुमार पाहन, मुख्यसचिव डी के तिवारी, अपर मुख्य सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग इंदु शेखर चतुर्वेदी सचिव राजस्व, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. सुनील कुमार वर्णवाल, हेड ऑफ फारेस्ट संजय कुमार, सचिव राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार केके सोन, उपायुक्त रांची राय महिमापत रे, वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता, उपमहापौर श्री संजीव विजयवर्गीय, सुरेन्द्र महतो, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स व ग्रामीण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here