उत्तर प्रदेश पुलिस ने आज यानी मंगलवार को फरार चल रहे श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। नोएडा में आवासीय सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर सोमवार को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फेस-2 थाने ने उसकी गिरफ्तारी पर यह इनाम घोषित किया था।
श्रीकांत त्यागी का सोसाइटी में रहने वाली एक महिला से झगड़ा हो गया था जिसके बाद शुक्रवार को उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, बाद में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 447 (अनाधिकार प्रवेश), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 506 (धमकी देना) के तहत आरोप लगाए गए। पुलिस आयुक्त के कार्यालय ने बताया कि त्यागी के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।