हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और सांसद किशन कपूर का निधन हो गया है। 73 वर्ष की आयु में ब्रेन हैमरेज के कारण पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। किशन कपूर धर्मशाला के खनियारा गांव के निवासी थे और उनका जन्म 25 जून 1951 को हुआ था। वह तीन बार राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री, एक बार लोकसभा सांसद और 5 बार धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। उनकी निष्कलंक सेवा और जनकल्याण के लिए किए गए कार्यों ने उन्हें प्रदेशवासियों के दिलों में विशेष स्थान दिलाया। उनके निधन से न केवल धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जताया शोक
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और सांसद किशन कपूर के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। भाजपा परिवार ने एक बड़े नेता को खोया है, इस क्षति की भरपाई असंभव है। किशन जी ने प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए अहम भूमिका निभाई। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
किशन कपूर का राजनीतिक सफर
| वर्ष/समय अवधि | मुख्य उपलब्धि/घटना |
| 1970 | जनसंघ और जनता पार्टी के सदस्य बने। |
| 1978 | युवा मोर्चा सचिव के रूप में कार्यभार संभाला। |
| 1980 | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठन में शामिल हुए। |
| 1982-1984 | मंडल अध्यक्ष (भाजपा, धर्मशाला) के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। |
| 1985 | धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में पहला विधायक चुनाव लड़ा। |
| 1990 | भाजपा के विधायक के रूप में धर्मशाला का प्रतिनिधित्व किया। |
| 1993 | धर्मशाला से दूसरी बार जीत दर्ज की और विधानसभा पहुंचे। |
| 1993-1997 | विधानसभा में मुख्य सचेतक नियुक्त हुए। |
| 1994 | हिमाचल प्रदेश भाजपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चयनित हुए। |
| 1995-1997 | कांगड़ा जिले के भाजपा अध्यक्ष के रूप में सेवा की। |
| 1996 | मणिपुर संसदीय क्षेत्र के लिए भाजपा चुनाव प्रभारी नियुक्त हुए। |
| 1998 | धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार जीत दर्ज की। |
| 1998 (शपथ ग्रहण) | परिवहन, जनजातीय विकास, मुद्रण एवं लेखन सामग्री और कानून मंत्री के रूप में शपथ ली। |
| 2003 | धर्मशाला से चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना किया। |
| 2004 | हिमाचल प्रदेश भाजपा के राज्य प्रवक्ता के रूप में नियुक्त हुए। |
| 2007 | धर्मशाला से चौथी बार जीत दर्ज की। |
| 2008 (शपथ ग्रहण) | परिवहन, शहरी विकास, आवास तथा नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री के रूप में शपथ ली। |
| 2009 | उद्योग, श्रम और रोजगार तथा सैनिक कल्याण मंत्रालयों में पोर्टफोलियो बदले गए। |
| 2012 | धर्मशाला से चुनाव लड़ा, पर हार का सामना किया। |
| 2017 | धर्मशाला निर्वाचन क्षेत्र से पांचवीं बार जीत दर्ज की। |
| 2017 (शपथ ग्रहण) | खाद्य और नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले तथा चुनाव मंत्री के रूप में शपथ ली। |
| 2019 | कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए; पूरे देश में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत के रिकॉर्ड अंतर से ऐतिहासिक जीत हासिल की। |


