RAJASTHAN : जयपुर के व्यापारी को कार में बंधक बनाकर लूट, एटीएम से निकाले 2 लाख रुपये

0
1011

जयपुर में लुटेरों ने व्यापारी को कार में बंधक बनाकर मारपीट शुरू कर दी. चाकू की नोक पर एटीएम से 2 लाख रुपये निकलवाए और रात में टोंक रोड पर छोड़कर फरार हो गए.जयपुर में बीती रात एक बार फिर लुटेरों के हौसले बुलंद नजर आए. टोंक के एक व्यापारी को कार में बंधक बनाकर न केवल मारपीट की गई, बल्कि चाकू की नोक पर एटीएम से करीब 2 लाख रुपये भी निकलवा लिए गए. लुटेरे वारदात के बाद व्यापारी को टोंक रोड पर रिंग रोड के पास फेंककर फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार, टोंक में स्टेशनरी का कारोबार करने वाले विनोद जैन शनिवार (13 दिसंबर) को दुकान से जुड़े काम से जयपुर आए थे. देर शाम करीब 8:30 बजे वह सांगानेर बस स्टैंड पर टोंक जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार वहां आकर रुकी. कार में पहले से खड़े दो अन्य लोगों के साथ विनोद भी टोंक जाने के लिए उसमें बैठ गए. कार में पहले से ही दो युवक सवार थे.

करीब 10 मिनट बाद ही कार सवार बदमाशों ने अचानक विनोद की गर्दन पर चाकू रख दिया और नशे के लिए पैसे मांगने लगे. इसके बाद उन्होंने विनोद के हाथ-पैर बांध दिए, आंखों पर पट्टी बांधकर कंबल ओढ़ा दिया और उसकी जेब की तलाशी लेने लगे. एटीएम कार्ड मिलने पर पिन नंबर पूछने के लिए बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

बदमाश विनोद को एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां पिन नंबर न बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई. छीना-झपटी के दौरान चाकू लगने से उसकी उंगली में चोट भी आई. इसके बाद लुटेरों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर बंद कर दिया. लगातार डर और मारपीट के बीच मजबूर होकर विनोद ने एटीएम का पिन नंबर बता दिया.

इसके बाद बदमाशों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन बार एटीएम से करीब 2 लाख रुपये निकाल लिए. इस दौरान करीब पांच घंटे तक विनोद को कार में बंधक बनाकर जयपुर की सड़कों पर घुमाते रहे. आरोप है कि बदमाशों ने उसके घर फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की भी धमकी दी, जिससे विनोद टूट गया और गिड़गिड़ाने लगा.

रात करीब 1:30 बजे बदमाश टोंक रोड पर रिंग रोड के पास उसे धक्का देकर फरार हो गए. किसी तरह विनोद पास ही स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी. परिजन देर रात मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए. फिलहाल पीड़ित द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

मुबारिक खान को पत्रकारिता में करीब 8 सालों का अनुभव है. उन्होंने राजस्थान की राजनीतिक खबरों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट, एजुकेशन और मेडिकल क्षेत्र से जुड़ी ख़बरों की रिपोर्टिंग की है. 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में राजस्थान की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर ग्राउंड जीरो से रिपोर्टिंग की. आनंदपाल एनकाउंटर और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की मैडम माया पर स्टोरी ने खूब सुर्खियां बटोरी. मुबारिक खान ने राजस्थान यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई करने के बाद बीजेएमसी में डिप्लोमा प्राप्त किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here