उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिसने पुलिस पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. यहां एक दारोगा शिकायतकर्ता महिला के ही प्यार में पड़ गया. जिससे महिला डर गई.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के एक दारोगा बाबू अपनी इश्कबाजी को लेकर सुर्खियों में हैं. रामनगर थाने में तैनात दारोगा बाबू एक जांच करने के मामले में पीड़ित पक्ष की महिला पर ही दिल हार बैठे. मिली जानकारी के अनुसार दारोगा अखिलेश यादव एक पारिवारिक विवाद की शिकायत की जांच करने एक घर गए थे. आरोप है कि जांच के दौरान ही वे पीड़ित महिला को दिल दे बैठे और उससे प्यार करने लगे. महिला के पति का आरोप है कि दारोगा ने उसकी पत्नी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अनुपस्थिति में चोरी-छिपे उससे फोन पर बात करने लगा.
जब इस मामले की ऑडियो और कॉल डिटेल वायरल हुई और पति ने विरोध किया तो दारोगा ने उसे डकैती और शराब तस्करी जैसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी. पीड़ित पति की शिकायत पर बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. फिलहाल आरोपी दारोगा छुट्टी पर चले गए हैं और उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया है.

दारोगा अखिलेश यादव की करतूतों ने ‘मित्र पुलिस’ कही जाने वाली यूपी पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस महिला के इश्क में दारोगा जी पड़े हैं, उस पीड़िता का बयान भी सामने आया है. पीड़िता ने दारोगा पर न केवल प्रताड़ना, बल्कि छेड़छाड़ और जबरन गाड़ी में खींचकर ले जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि दारोगा उसे अपने पति को छोड़ने और उसके साथ रहने के लिए दबाव बना रहा था.
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि एक पारिवारिक विवाद की जांच के बहाने दारोगा अखिलेश यादव ने उसके घर में घुसपैठ की. दारोगा अक्सर उसे फोन कर 10-10 मिनट तक बात करता था और विरोध करने पर केस की जांच का हवाला देता था. महिला का आरोप है कि दारोगा उसे लालच देता था कि तुम बहुत स्मार्ट और पढ़ी-लिखी हो अपने पति को छोड़ दो मैं तुम्हारी अच्छी जगह नौकरी लगवा दूंगा. जब महिला ने मना किया तो वह उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा.
ASP विकास त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है. सीओ रामनगर जांच कर रही हैं. लेकिन प्रारंभिक जांच में अभी आरोप सिद्ध नहीं हो रहा है. अगर आगे कुछ मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी.
पीड़िता ने एक खौफनाक वाकये का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार दारोगा ने उसे रास्ते में रोका और जबरदस्ती खींचकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया. गाड़ी के भीतर दारोगा ने उसका हाथ पकड़ा और अश्लील हरकतें करने लगा. पीड़िता के अनुसार जब वह चिल्लाने लगी और आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तब मैं किसी तरह कार का गेट खोलकर वहां से अपनी इज्जत बचाकर भागी.
इस घटना के बाद भी दारोगा का दुस्साहस कम नहीं हुआ और वह वर्दी की धौंस दिखाकर लगातार उसके घर आता रहा. महिला ने बताया कि दारोगा की नीयत इतनी खराब है कि वह अक्सर घर में पुरुषों की अनुपस्थिति में धमक पड़ता था. एक बार जब घर पर कोई नहीं था तो वह सीधे महिला के कमरे तक चला आया. विरोध करने पर उसने बदतमीजी की लेकिन तभी महिला की छोटी ननद के आ जाने से वह बाहर भाग निकला.
पीड़िता का आरोप है कि वह दो-तीन बार स्थानीय स्तर पर शिकायत कर चुकी है लेकिन रसूखदार दारोगा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. हालांकि मामला तूल पकड़ने पर अधिकारी ने जांच की बात कही है. दूसरी ओर दारोगा ने पीड़िता के पति को डकैती और शराब तस्करी के झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी है. वहीं पीड़ित परिवार ने अब पुलिस कप्तान अर्पित विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री पोर्टल का दरवाजा खटखटाया है.
–


