DELHI : 10 साल के कंटेंट क्रिएटर अभिनव अरोड़ा के पिता की कार पर हमला, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया अरेस्ट

0
100

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 10 साल के आध्यात्मिक कंटेंट क्रिएटर अभिनव अरोड़ा के पिता की कार पर हमला कर दिया गया. दरअसल, कार एक बाइक से टकरा गई थी, इसी के बाद दोनों पक्षों में विवाद होने लगा. इस मामले में पुलिस ने मामले में शांति भंग की आशंका के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है,

राजधानी दिल्ली में बीते दिनों 10 साल के कंटेंट क्रिएटर अभिनव अरोड़ा के पिता की कार पर हमला हो गया था. इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को अरेस्ट किया है. दरअसल, अभिनव के पिता की कार रास्ते में खड़ी बाइक से टच हो गई थी, इसी के बाद वहां खड़े लोगों ने लापरवाही से ड्राइविंग का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया था.

एजेंसी के अनुसार, यह मामला पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट के पास का है, जहां 7 अप्रैल की रात करीब 10 बजे कार बाइक से टकरा गई थी. कार अभिनव अरोड़ा के पिता चला रहे थे. घटना के समय अभिनव अरोड़ा कार में मौजूद नहीं थे. कार पास में ही खड़ी बाइक से टकरा गई थी, इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने कार चालक के ड्राइविंग तरीके पर आपत्ति जताई.

बाइक के पास खड़े लोगों का आरोप था कि कार स्पीड में थी और ड्राइविंग लापरवाही से की जा रही थी, जिससे उन्हें चोट लग सकती थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल गर्मा गया.

पुलिस का कहना है कि बहस के दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने गुस्से में आकर कार के बोनट और खिड़कियों पर कड़े (धातु का कंगन) से वार किया, जिससे गाड़ी को नुकसान पहुंचा. हालात बिगड़ते देख कार चालक ने तुरंत PCR को कॉल कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, इन तीनों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया है, ताकि आगे किसी प्रकार की शांति भंग न हो. गिरफ्तार आरोपियों को बाद में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है. उन्होंने यह भी कहा कि मामले से जुड़े लोगों के बयानों के आधार पर यदि आवश्यक हुआ तो आगे की कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here