NATIONAL : ‘गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ रही हैं, पूरा देश संकट में…’ महंगाई पर प्रियंका गांधी का मोदी पर वार, जंग पर बहस की मांग

0
65

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया संकट को लेकर सरकार पर निशाना साधा।प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केरल की जनता को अच्छी तरह पता है कि असली गठबंधन किसके बीच है और सच्चाई किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस महासचिव ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर संसद में बहस की मांग करते हुए कहा कि इसका असर पूरे देश पर पड़ रहा है।

प्रियंका गांधी ने कहा, ” हम लोग चर्चा की मांग कर रहे हैं क्योंकि पूरा देश संकट में हैं। एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ रही हैं और चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। और ज्यादा संकट आ रहा है। इसलिए हम लोग बहस चाहते हैं तो उम्मीद है कि सरकार बहस कराएगी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि युद्ध जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से अपनी तैयारियों को स्पष्ट करने और आगे की रणनीति पर मिलकर काम करने की अपील की।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ”हम सब एक हैं इस मसले पर और पूरा देश एक है। लेकिन इस जंग से जो समस्याएं हो रही हैं, उनका समाधान जरूरी है। इसलिए हम चाहते हैं कि चर्चा हो और हम भी इस मामले पर अपनी राय रखें। आज गैस का सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि कोई खरीद नहीं पा रहा है। आगे क्या होगा? पेट्रोल-डीजल-तेल इस सबकी कमी होगी तो इसके लिए सरकार की योजना क्या है? थोड़ा बहुत बताया है लेकिन इस पर अच्छी-तरह चर्चा होनी चाहिए ताकि हम सब एक साथ होकर, एकजुट होकर कोई समाधान निकाल सकें।”

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण देश में एलपीजी संकट को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। इसका असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ रही है। इस बीच सरकार कह रही है कि देश में एलपीजी और पेट्रोलियम का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार लोगों से एलपीजी से हटकर पीएनजी का कनेक्शन लेने को कह रही है। इस वक्त एलपीजी, पीएनजी, एलएनजी और सीएनजी शब्द चर्चा में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here