बिहार में बदमाशों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। अपराधी बेखौफ होकर लूट-पाट, हत्या जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में ताजा मामला बिहार के छपरा से आया है, जहां अपराधियों ने मुबारकपुर पंचायत के उप मुखिया को गोली मार कर घायल कर दिया।

शादी समारोह से लौटने के दौरान घटना को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मांझी थाना क्षेत्र की है। घायल उप मुखिया की पहचान सिधरिया टोला निवासी कमलेश यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि उप मुखिया रविवार रात को कोडर गांव से विवाह समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिग कर दी। उप-मुखिया को दो गोलियां लगी है। उनके पेट और पीठ पर गोली मारी गई है। वहीं गोली लगने के बाद उप-मुखिया घायल अवस्था में जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद आनन-फानन में उप-मुखिया को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। वहीं उप मुखिया के गोली लगने कि सूचना मिलने के बाद एकमा के विधायक श्रीकांत यादव घायल उप मुखिया को देखने अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाशी में जुट गई है।


