झारखंड में ठंड का सितम लगातार जारी है। राज्यवासियों को अभी ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में मकर संक्रांति वाले दिन ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावा उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में हल्के दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। साथ ही इन जिलों में आंशिक बादल भी छाए रहेंगे। बादल छाए रहने से इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि तो होगी। इसके बाद 14, 15 और 16 जनवरी को दोबारा ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा। इन 3 दिन में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में उतार चढ़ाव का दौर इस माह के अंत तक जारी रहेगा। बादल छाने के बाद तापमान बढ़ेगा और बादल छंटते ही तापमान में गिरावट होगी। तीन दिनों बाद यानी 16 जनवरी के बाद बादल छंटने के आसार हैं। हालांकि, तापमान में ज्यादा अंतर देखने को नहीं मिलेगा। वहीं, पिछले 24 घंटे में यानी बीते रविवार को दिनभर तेज धूप का असर नहीं होने से कनकनी बनी रही। राजधानी में शाम ढलते ही कनकनी का असर बढ़ रहा है।


