Tuesday, February 3, 2026
Home Blog Page 40

NATIONAL : ठंड से बचने के लिए जलाया था केरोसिन लैंप, ट्रक के केबिन में दम घुटने से दो की मौत

0

नैनीताल में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए ट्रक के केबिन में केरोसिन लैंप जलाना एक व्यक्ति और उसके भतीजे की जान ले गया. बंद केबिन में दम घुटने से दोनों की मौत हुई, पुलिस जांच जारी है.

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से ऐसा मामला सामने आया है जहां ठंड से बचने की कोशिश जानलेवा साबित हो गई. ये मामला 11 जनवरी का बताया जा रहा है, जहां एक व्यक्ति और उसके भतीजे की दम घुटने से मौत हो गई. दोनों ट्रक के केबिन में मृत पाए गए. केबिन में ही दोनों ने ठंड से बचने के लिए केरोसिन लैंप जलाया था. यह घटना रामनगर के पास पीरूमदारा गांव स्थित एक स्टोन क्रशर के बाहर घटी.

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रहने वाले मोहम्मद इरफान और मोहम्मद इकरार के रूप में हुई है. दोनों 10 जनवरी रात एक स्टोन क्रशर पर माल लेने के लिए पहुंचे थे. 11 जनवरी सुबह करीब पांच बजे ट्रक में सामग्री लोड कराने के बाद उन्होंने वाहन को क्रशर के बाहर खड़ा कर दिया. कड़ाके की ठंड से बचने के लिए उन्होंने ट्रक के केबिन में केरोसिन लैंप जलाया और खिड़कियां बंद कर सो गए.

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब स्टोन क्रशर में काम करने वाले अन्य मजदूरों ने सुबह ट्रक के केबिन से कोई हलचल नहीं देखी. कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो मजदूरों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद उन्होंने ट्रक के शीशे तोड़े और अंदर झांककर देखा. दोनों व्यक्ति केबिन के भीतर बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे.

मजदूरों ने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों और पुलिस ने आशंका जताई कि केबिन के अंदर बंद वातावरण में केरोसिन लैंप जलने से ऑक्सीजन की कमी हुई और जहरीली गैसें भर गईं, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. पीटीआई के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारण की पुष्टि हो सके. डॉक्टरों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत पूरी तरह से दम घुटने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण भी था.

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं. फिर भी, नियमानुसार मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस ने लोगों से ठंड के मौसम में बंद जगहों पर आग या लैंप जलाने से बचने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.

BUSINESS : आम बजट 1 फरवरी को ही क्यों पेश होता है? जानिए तारीख और समय बदलने के पीछे की पूरी कहानी

0

आज जब संसद में 1 फरवरी को आम बजट पेश किया जाता है तो यह एक सामान्य प्रक्रिया लगती है. हालांकि, शायद ही कोई इसके पीछे की कहानी पर ध्यान देता है. दरअसल, बजट की तारीख और समय हमेशा ऐसे नहीं थे….

आज जब संसद में 1 फरवरी को आम बजट पेश किया जाता है तो यह एक सामान्य प्रक्रिया लगती है. हालांकि, शायद ही कोई इसके पीछे की कहानी पर ध्यान देता है. दरअसल, बजट की तारीख और समय हमेशा ऐसे नहीं थे. इनके बदले जाने के पीछे एक लंबा इतिहास जुड़ा हुआ है.

अब से कुछ साल पहले तक आम बजट 28 फरवरी को पेश किया जाता था. समय के साथ देश की प्रशासनिक और आर्थिक जरूरतों के हिसाब से इसमें बदलाव किए गए. जिसकी वजह से आज बजट 1 फरवरी को पेश किया जाने लगा है. आइए जानते हैं, इसके पीछे की कहानी…..2017 से पहले तक देश में आम बजट हर साल फरवरी के आखिरी दिन पेश किया जाता था. जो अंग्रेजों के शासन के दौर के समय से चली आ रही एक परंपरा थी. उस दौर में माना जाता था कि बजट पेश होने के बाद 1 अप्रैल से उसे लागू करने के लिए इतना समय काफी है.

लेकिन समय के साथ-साथ इस व्यवस्था में दिक्कतें आने लगी. बजट और उसके लागू होने के बीच का समय कम पड़ने लगा. जिसके कारण राज्यों और मंत्रालयों को नई योजनाओं की तैयारी में परेशानियों का सामना करना पड़ता था. कई बार तो जरूरी फाइलें भी समय पर पूरी नहीं हो पाती थी. बजट से जुड़ी तैयारियों में आ रही दिक्कतों को देखते हुए साल 2017 में तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट की तारीख बदलने का अहम निर्णय लिया. इसके बाद आम बजट को फरवरी की शुरुआत यानी 1 फरवरी को पेश किया जाने लगा.

जिससे केंद्र और राज्यों को योजनाओं को लागू करने के लिए करीब दो महीने का समय मिलने लगा. इस बदलाव से न सिर्फ नई योजनाओं पर काम आसान हुआ, बल्कि ब्रिटिश काल से चली आ रही पुरानी परंपरा का भी अंत हो गया.

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में साल 1999 में बजट पेश करने के समय से जुड़ी पुरानी परंपरा में बदलाव किया गया. उस समय तक बजट शाम 5 बजे पेश किया जाता था, जो ब्रिटिश दौर की व्यवस्था के असर के कारण किया जाता था. क्योंकि ब्रिटेन में बजट सुबह 11 बजे आता था और वही समय भारत में शाम 5 बजे के बराबर होता था.

तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने इस व्यवस्था को बदलते हुए बजट को सुबह 11 बजे पेश करने का फैसला लिया. उनका मानना था कि बजट अगर दिन की शुरुआत में आएगा, तो सांसदों, विशेषज्ञों और आम लोगों को इसे समझने और इस पर चर्चा करने के लिए पूरा दिन मिलेगा. तभी से भारत में आम बजट सुबह 11 बजे ही पेश किया जा रहा है.

NATIONAL : आजादी के बाद पहली बार साउथ ब्लॉक से बाहर जाएगा PMO, सेवा तीर्थ में होगा प्रधानमंत्री मोदी का नया ऑफिस

0

आजादी के बाद यह पहली बार होने जा रहा है कि प्रधानमंत्री का कार्यालय PMO से शिफ्ट किया जा रहा है. मकर संक्रांति के अवसर पर प्रधानमंत्री का कार्यालय नए ‘सेवा तीर्थ’ परिसर में शिफ्ट हो जाएगा. यह सेंट्रल विस्टा परियोजना का हिस्सा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से अपने नए कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ परिसर में शिफ्ट करने जा रहे हैं. यह कदम केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो प्रशासनिक तालमेल और कार्यों को बेहतर ढंग से करने के लिए बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है.

नई व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय अब ‘सेवा तीर्थ-1’ भवन में संचालित होगा, जो कार्यपालिका परिसर-1 में वायु भवन के समीप स्थित है. इसी परिसर में ‘सेवा तीर्थ-2’ और ‘सेवा तीर्थ-3’ भवन भी हैं. सितंबर 2025 से पहले ही ‘सेवा तीर्थ-2’ में कैबिनेट सचिवालय शिफ्ट हो चुका है, जबकि ‘सेवा तीर्थ-3’ में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय का कार्यालय स्थापित किया जाएगा.

यह शिफ्टिंग ऐतिहासिक महत्व का है, क्योंकि आज़ादी के बाद से प्रधानमंत्री कार्यालय साउथ ब्लॉक में ही स्थित था. साउथ और नॉर्थ ब्लॉक को खाली करने के बाद इन्हें ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे आम जनता भारत के प्रशासनिक और ऐतिहासिक सफर को समझ सकेगी.

करीब 1,189 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सेवा तीर्थ परिसर ​​226,203 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है और इसका निर्माण लार्सन एंड टूब्रो ने किया है. इसका डिज़ाइन ‘सेवा’ की थीम पर आधारित है, जिसमें आधुनिक कार्यस्थलों के साथ भव्य कक्ष भी शामिल हैं.सरकार का कहना है कि यह बदलाव कोलोनियल विरासत से आगे बढ़ने और प्रशासन को भारतीय मूल्यों के अनुरूप संवाद करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. साथ ही, ‘कर्तव्य पथ’ जैसे नाम बदलने के फैसले इसके साथ जुड़े हैं.

सेवा तीर्थ के पास प्रधानमंत्री के नए आधिकारिक आवास ‘एक्जीक्यूटिव एन्क्लेव पार्ट-2’ का निर्माण भी जारी है, जो प्रधानमंत्री मोदी के प्रशासनिक सुधारों और नई काम करने के तरीके का रिफ्लेक्शन है. यह बदलाव भारत की आधुनिक कार्यप्रणाली और शासन के नए युग की शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है.

NATIONAL :’दहेज हत्या’ के मुकदमे में फंसे थे ससुराल वाले, 5 महीने बाद जिंदा मिली बहू, जा बसी थी दूर

0

श्रावस्ती जिले में मल्हीपुर थाना क्षेत्र का दहेज हत्या मामला चौकाने वाला मोड़ ले गया. जिस महिला की हत्या का मुकदमा उसके ससुरालियों के खिलाफ दर्ज था, वह पांच महीने बाद पुणे से जीवित मिली. पुलिस ने सर्विलांस के जरिए महिला का पता लगाया और उसे बरामद किया. महिला को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.

उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र से दहेज हत्या के एक मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. न्यायालय के आदेश पर जिस महिला की हत्या का मुकदमा उसके ससुरालियों के खिलाफ दर्ज किया गया था, वह महिला पांच महीने बाद जीवित मिली है. पुलिस ने सर्विलांस के जरिए महिला का पता लगाकर उसे महाराष्ट्र के पुणे से बरामद कर लिया है. महिला को न्यायालय में पेश किया जाएगा.

दरअसल मल्हीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गंगापुर निवासी मायावती पत्नी गोली ने अपनी पुत्री दीपा की शादी ओरीपुरवा गांव निवासी हंसराज पुत्र परमेश्वर के साथ की थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दीपा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था. अगस्त 2025 में दीपा अचानक ससुराल से लापता हो गई. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो मायावती ने मल्हीपुर थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया.

पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने पर मायावती ने न्यायालय की शरण ली. न्यायालय के आदेश पर एक अगस्त 2025 को मल्हीपुर थाने में पति हंसराज, ससुर परमेश्वर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी सतीश शर्मा को सौंपी गई.विवेचना के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा. जांच में दीपा का मोबाइल नंबर चालू पाया गया. इसके बाद सर्विलांस टीम की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे महिला के जीवित होने की पुष्टि हुई. लोकेशन के आधार पर पुलिस को पता चला कि दीपा महाराष्ट्र के पुणे शहर में मौजूद है.

पूछताछ में दीपा ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर पुणे चली गई थी और वहां रह रही थी. इसके बाद थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को पुणे भेजा गया. पुलिस टीम महिला को पुणे से लेकर आ रही है.

थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि महिला से मोबाइल पर संपर्क हो गया था. वह पुणे में सुरक्षित पाई गई. महिला को वापस लाया जा रहा है उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा. न्यायालय के समक्ष महिला के बयान दर्ज होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. अब न्यायालय में दिए जाने वाले बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पूरे मामले की सच्चाई क्या है और आगे किस दिशा में कार्रवाई होगी.

ENTERTAINMENT : ‘आज वो किसी और की पत्नी है…’, पुनीत सुपरस्टार का छलका दर्द, गर्लफ्रेंड को लेकर कही ये बात

यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर पुनीत सुपरस्टार अपनी हरकतों के लिए सोशल मीडिया पर काफी मशहूर हैं. हाल ही में उन्होंने अपने प्यार और गर्लफ्रेंड के बारे में बताया है. जानिए उन्होंने क्या कहा. सोशल मीडिया पर अपनी अजीबोगरीब हरकतों और ‘लॉर्ड’ के नाम से मशहूर पुनीत सुपरस्टार अक्सर लोगों को हंसाते हुए नजर आते हैं. बिग बॉस ओटीटी 2 फेम पुनीत को लेकर लोग सोचते हैं कि वे अपनी ही दुनिया में मस्त रहते हैं लेकिन इस बार पुनीत का अलग ही रूप देखने को मिला.

हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में पुनीत काफी इमोशनल हो गए. अपनी पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात करते हुए पुनीत ने पहली बार अपनी ‘अधूरी लव स्टोरी’ का खुलासा किया और बताया कि आखिर क्यों उनकी मोहब्बत शादी की दहलीज तक नहीं पहुंच पाई.

इंटरव्यू के दौरान जब सिद्धार्थ ने पुनीत से उनके प्यार और रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछा, तो हमेशा मजाकिया रहने वाले पुनीत अचानक गंभीर हो गए. उन्होंने कुबूल किया कि उनके जीवन में एक लड़की थी जिससे वो बहुत प्यार करते थे. उन्होंने बताया, ‘प्यार तो है… एक लड़की है जिससे मैं बहुत मोहब्बत करता हूं. लेकिन उस लड़की की शादी कहीं और हो चुकी है. पुनीत ने बड़े ही सादगी भरे लहजे में बताया कि वो अब अपनी शादीशुदा जिंदगी में आगे बढ़ चुकी है.

पुनीत ने बताया, ‘वह भी मुझसे प्यार करती थी, लेकिन परिवार के फैसले के आगे वह मजबूर थी. उस लड़की ने मुझसे कहा था कि उसके माता-पिता उसकी शादी एक पुराने रिश्तेदार से कराने पर अड़े हुए हैं.’ उसने कहा, ‘अगर आज मैं तुम्हारे लिए अपने माता-पिता को छोड़ सकती हूं, तो कल को किसी और के लिए तुम्हें भी छोड़ दूंगी. अगर मैं उनके खिलाफ लड़ सकती हूं, तो कल को तुम्हारे खिलाफ भी लड़ूंगी.’ पुनीत ने उसकी इस ईमानदारी का सम्मान किया और खुद उसे आगे बढ़ने की सलाह दी.

अपनी लव स्टोरी के बारे में पुनीत ने बताया कि उनका रिश्ता कभी भी फिजिकल या गलत नीयत वाला नहीं था. उन्होंने कहा, ‘हमारा रिश्ता बहुत पवित्र था. हम कभी किसी गलत चीज में शामिल नहीं हुए.’ पुनीत का मानना था कि अगर उस लड़की की खुशी किसी और के साथ है, तो उन्हें उसे रोकना नहीं चाहिए. वह लड़की अब शादी के बाद बेंगलुरु में शिफ्ट हो गई है और अपनी नई जिंदगी जी रही है.

अंत में पुनीत से जब पूछा गया कि उस लड़की से बात होती है तो उन्होंने कहा, ‘मैं उसे याद जरूर करता हूं, लेकिन हम फोन पर बात नहीं करते. बस कभी कोई त्योहार या खास मौका होता है, तो उसकी तरफ से मैसेज या कॉल आ जाता है. कोई ब्लॉक नहीं है, कुछ नहीं है. इतनी ही बात होती है.’

NATIONAL : मां को मारने इंग्लैंड से घर आया बेटा, फिर ऐसे दिया हत्या को अंजाम, बस एक गलती से ऐसे चढ़ गया पुलिस के हत्थे

0

हरियाणा के यमुनानगर में सरपंच की पत्नी बलजिंद्र कौर की हत्या का रहस्य पुलिस ने सुलझा लिया है. जांच में पता चला कि हत्या खुद उनकी संतान गोमित राठी और उसके दोस्त पंकज ने मिलकर की थी. लंबे समय से मां-बेटे के तनाव और टकराव ने हत्या को जन्म दिया. दोनों को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है.

हरियाणा के यमुनानगर में सरपंच की पत्नी बलजिंद्र कौर की हत्या का रहस्य पुलिस जांच में सुलझ गया है. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि खुद महिला के सगे बेटे गोमित राठी और उसके दोस्त पंकज ने मिलकर की थी. लंबे समय से मां-बेटे के बीच तनाव और टकराव ने इस पवित्र रिश्ते को जघन्य वारदात में बदल दिया.

पुलिस के अनुसार, गोमित राठी 18 दिसंबर को इंग्लैंड से गुपचुप तरीके से भारत लौटा. उसकी वापसी की जानकारी केवल उसका करीबी दोस्त पंकज को थी. दोनों ने परिवार और गांववालों से यह बात छुपाई. 24 दिसंबर की रात श्यामपुर गांव में बलजिंद्र कौर की संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को मिली. शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लगा, इसलिए इसे अपराध शाखा-2 को सौंपा गया.

सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, गोमित अपनी मां की रोक-टोक से लंबे समय से चिढ़ा हुआ था. वह धीरे-धीरे मां के लिए नफरत महसूस करने लगा. इस दौरान वह एक लड़की से प्रेम कर बैठा, लेकिन मां ने लड़की दूसरी जाति की होने पर उसे कड़ी डांट दी. इस घटना के बाद गोमित का गुस्सा और बढ़ गया और उसने बदला लेने का मन बना लिया. परिवार ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और उसे स्टडी वीजा पर इंग्लैंड भेज दिया, लेकिन वहां भी उसका मन बदले की आग में जल रहा था.

पुलिस ने बताया कि गोमित 24 दिसंबर की रात गांव पहुंचा और जानवरों के बाड़े में छिपकर सही मौके का इंतजार करता रहा. देर रात उसने अपनी मां पर हमला किया. पहले चोटें पहुंचाई और फिर गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने शव को पानी की हौदी में फेंक दिया, ताकि यह घटना दुर्घटना जैसी लगे.पुलिस के अनुसार, पंकज ने न केवल गोमित की भारत वापसी को गुप्त रखा, बल्कि हत्या से पहले और बाद में भी उसकी मदद की. दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया.

एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने लोकेशन ट्रैकिंग, मोबाइल डेटा, गांव के आसपास की गतिविधियों और घटनास्थल की परिस्थितियों का अध्ययन किया. सभी साक्ष्य गोमित की संलिप्तता की ओर इशारा कर रहे थे. डीएसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी और हत्या में इस्तेमाल किए गए सभी साधनों की बरामदगी के साथ अपराध की सभी कड़ियों को पूरी तरह स्पष्ट किया जाएगा.

पुलिस का कहना है कि यह मामला माता-पिता और बच्चों के बीच पैदा हुए तनाव का जघन्य परिणाम है और इसे तकनीकी जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हल किया गया है. आरोपी बेटे और उसके दोस्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे जारी रहेगी.

ENTERTAINMENT : ‘वो सो रहे थे तभी…’, 43 की उम्र में अचानक कैसे गई ‘इंडियन आइडल 3’ के विनर प्रशांत तमांग की जान? पत्नी ने तोड़ी चुप्पी

‘इंडियन आइडल 3’ के विनर प्रशांत तमांग का 11 जनवरी को अचानक निधन हो गया. उनके निधन से परिवार, दोस्त और तमाम फैंस का दिल टूट गया है. सिंगर के अचानक हुए निधन को लेकर उनकी पत्नी ने अब डिटेल साझा की है.

‘इंडियन आइडल 3’ के विनर रहे प्रशांत तमांग अब इस दुनिया में नहीं रहे. 11 जनवरी को उनका निधन हो गया. 43 साल की उम्र में वो अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गए. उनके निधन से पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री को झटका लगा है. प्रशांत का परिवार भी उनके निधन से टूट गया है. प्रशांत की पत्नी ने अब सिंगर की अचानक हुई मौत पर चुप्पी तोड़ी है.

प्रशांत की पत्नी मार्था एली ने समाचार एजेंसी संग बातचीत में कहा- मैं सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं. मुझे दुनियाभर से लोगों की कॉल्स आ रही हैं. मैं जिन लोगों को जानती हूं और जिन्हें नहीं भी जानती, वो सभी मुझे फूल भेज रहे हैं. लोग मेरे घर के बाहर खड़े हैं. आखिरी बार प्रशांत को देखने के लिए लोग हॉस्पिटल भी पहुंचे.

Smriti Iraniचानक हुए निधन पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. इसपर प्रशांत की पत्नी ने कहा कि इसमें कुछ संदिग्ध परिस्थिति जैसा नहीं है. उनकी मौत नेचुरली हुई है. वो सो रहे थे और नींद में ही हमें छोड़कर चले गए. उस वक्त मैं उनके साथ ही थी. मार्था एली ने लोगों से विनती की कि वो उनके पति को हमेशा ऐसे ही प्यार करते रहें. उन्होंने आगे कहा- आप जैसे पहले प्रशांत को प्यार करते थे वैसे अभी भी करते रहना. वो एक शानदार इंसान थे. उम्मीद करती हूं कि आप उन्हें एक अच्छे इंसान के तौर पर ही याद रखेंगे.

प्रशांत तमांग की बात करें तो वो दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) के रहने वाले थे. इंडियन आइडल 3 का विनर बनने के बाद उनके करियर को काफी ऊंचाइयां मिली थीं. शो से वो घर-घर में फेमस हो गए थे. उन्हें फैंस का खूब प्यार मिलता था. सिंगिंग के बाद उन्होंने एक्टिंग में कदम रखा था. वो ‘पाताल लोक’ सीरीज में नजर आए थे. वो सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘द बैटल ऑफ गलवान’ में दिखेंगे. उन्होंने हाल ही में फिल्म की शूटिंग पूरी की थी. ये प्रशांत की आखिरी फिल्म होगी.

NATIONAL : बॉयफ्रेंड के साथ अंतरंग हालत में थी बेटी…, पिता की पड़ी नजर तो हो गया खूनी खेल

0

एटा जिले में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जैथरा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी सुहागपुर में प्रेम संबंधों से नाराज परिजनों ने प्रेमी युगल की धारदार हथियार से हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मृतका के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

उत्तर प्रदेश में एटा से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां प्रेम संबंधों के चलते एक प्रेमी युगल की हत्या कर दी गई. प्रेमिका के परिजनों ने बेरहमी से इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने घटना के बाद आरोपी माता -पिता को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.मामला जैथरा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी सुहागपुर का है, जहां प्रेमिका शिवानी से मिलने पहुंचे उसके प्रेमी दीपक को परिजनों ने आपत्तिजनक हालत में देख लिया. इसके बाद गुस्से और तथाकथित इज्जत के नाम पर दीपक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी गई. साथ ही उन्होंने शिवानी की भी जान ले ली. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और आरोपी परिजन घर छोड़कर फरार हो गए.

सूचना मिलते ही जैथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए खुद एसएसपी एटा श्याम नारायण सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमी दीपक के शव का बारीकी से निरीक्षण किया और इसे बेहद दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया.

SSP एटा श्याम नारायण सिंह ने कहा कि,’मामले की गहनता से जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया यह ऑनर किलिंग जैसा प्रतीत होता है. दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.’पुलिस ने मृतका शिवानी के माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, परिवार के अन्य सदस्य और संभावित आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

गांव में इस दोहरे हत्याकांड के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग सहमे हुए हैं और चारों तरफ इस वारदात की चर्चा है. प्रेम संबंधों को लेकर समाज में फैली संकीर्ण सोच और तथाकथित इज्जत के नाम पर हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून और इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे दोनों की मौत की सही वजह सामने आ सके.

JAIPUR : घर खर्च के लिए महिला मास्टरमाइंड ने बनाई ‘लुटेरी गैंग’, रिश्तेदारों के साथ देती थी वारदात को अंजाम

0

जयपुर में एयरपोर्ट थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर चांदी चोरी करने वाली महिला गैंग का पर्दाफाश किया है. गिरोह की मास्टरमाइंड नीरू उर्फ सोन्या को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने रिश्तेदार महिलाओं के साथ मिलकर श्याम ज्वैलर्स से चांदी की पायल से भरी ट्रे चुराई थी. पुलिस ने चोरी की गई 6 पायल बरामद की हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

जयपुर में शातिर महिला चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. एयरपोर्ट थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर लाखों की चांदी चोरी करने वाली महिला गैंग की मास्टरमाइंड नीरू उर्फ सोन्या को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, नीरू अपने शौक पूरे करने और घर का खर्च चलाने के नाम पर रिश्तेदार महिलाओं के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थी.

हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में शामिल महिलाएं आपस में रिश्तेदार हैं और बेहद सधे तरीके से दुकानों को निशाना बनाती थीं. आरोपी महिलाएं खुद को सामान्य ग्राहक दिखाकर दुकानदारों को बातों में उलझाती थीं और मौका मिलते ही कीमती चांदी पर हाथ साफ कर लेती थीं.पुलिस के मुताबिक, यह मामला 3 जनवरी का है. जयपुर के जगतपुरा बाजार स्थित श्याम ज्वैलर्स शॉप में तीन महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं. उन्होंने चांदी की ज्वेलरी दिखाने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाया और इसी दौरान चांदी की पायल से भरी एक पूरी ट्रे चोरी कर ली.

चोरी के समय दुकानदार को किसी तरह की भनक तक नहीं लगी और तीनों महिलाएं आराम से दुकान से बाहर निकल गईं. बाद में जब दुकान में स्टॉक का मिलान किया गया, तब चोरी का पता चला. इसके बाद पीड़ित ज्वेलर के बेटे ने एयरपोर्ट थाने में मामला दर्ज कराया.

एयरपोर्ट थानाधिकारी रूप नारायण ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में तीन संदिग्ध महिलाएं साफ तौर पर नजर आईं. जांच के आधार पर पुलिस ने कोटा निवासी 38 वर्षीय नीरू उर्फ सोन्या को गिरफ्तार किया.पूछताछ में सामने आया कि चोरी की इस वारदात को नीरू ने ही अंजाम दिया था. उसने कंबल की आड़ में ज्वेलरी चुराई थी. नीरू ने पुलिस को बताया कि इस वारदात में उसके साथ उसकी रिश्तेदार गुड्डी और मौसम भी शामिल थीं.

पुलिस ने आरोपी महिला मास्टरमाइंड के कब्जे से ज्वेलरी शॉप से चोरी की गई चांदी की 6 पायल बरामद कर ली हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह महिला गिरोह केवल जयपुर तक सीमित नहीं था, बल्कि कई अन्य राज्यों में भी इसी तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है.फिलहाल पुलिस गिरोह की फरार दो महिलाओं गुड्डी और मौसम की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस महिला चोर गैंग से जुड़े और भी मामलों का खुलासा हो सकता है.

NATIONAL : पूर्णिया में युवती से गैंगरेप, 6 युवकों ने जबरन शराब पिलाकर की हैवानियत

0

पूर्णिया से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती को किडनैप करने के बाद 6 युवकों ने उसे शराब पिलाई और गैंगरेप किया. पीड़िता की हालत गंभीर है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बिहार के पूर्णिया से रूह कंपा देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है. बताया जाता है कि आधा दर्जन युवकों ने न केवल युवती का अपहरण किया, बल्कि उसे जबरन शराब पिलाकर पूरी रात दरिंदगी की. फिलहाल पीड़िता की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और वह पूर्णिया जीएमसीएच में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.

घटना डगरूआ थाना क्षेत्र स्थित बरियार चौक स्थित जया ट्रेडर्स में हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से जया ट्रेडर्स के संचालक मोहम्मद जुनेद को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार लड़की नेवललाल चौक से पैदल ही अपने घर की ओर जा रही थी. इसी दौरान एक चार पहिया वाहन पर सवार छह युवकों ने उसे रास्ते में ही रोक लिया. विरोध करने पर युवकों ने जबरन उसे गाड़ी में खींच लिया और शोर मचाने से रोकने के लिए उसका मुंह बंद कर दिया.

इसके बाद आरोपी उसे लेकर बरियार चौक स्थित जया ट्रेडर्स के एक सुनसान कमरे में पहुंचे, जहां उसे बंधक बना लिया गया. दरिंदगी की हदें तब पार हो गई जब आरोपियों ने युवती को जबरदस्ती शराब पिलाई. फिर सभी 6 आरोपियों ने युवती के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया. इस हैवानियत के बाद पांच आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी मोहम्मद जुनेद वहीं रुक गया. गंभीर स्थिति में होने के बावजूद पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी. वारदात के बाद जब मुख्य आरोपी मो. जुनेद नशे की हालत में सो गया, तब पीड़िता ने बड़ी चतुराई से उसी का मोबाइल उठाया और डायल 112 पर पुलिस को फोन कर अपनी लोकेशन और आपबीती बताई.

सूचना मिलते ही डगरूआ थाना की पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और लोकेशन ट्रैक कर जया ट्रेडर्स पहुंची. कमरे के बाहर ताला लटका देख पुलिस ने लोहे की रॉड और ईंटों की मदद से दरवाजा तोड़ा. जब पुलिस ने अंदर प्रवेश किया तो अंदर का मंजर भयावह था. पीड़िता बदहवास और लहूलुहान हालत में रो रही थी, जबकि आरोपी बगल में ही सो रहा था.

पुलिस ने तत्काल मोहम्मद जुनेद को गिरफ्तार कर लिया. डगरूआ थाना की एसआई पूर्णिमा कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया 6 युवकों ने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है. एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता की हालत काफी गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया GMCH में भर्ती कराया गया है. फरार पांच अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल गठित कर दिया गया है.

- Advertisement -

News of the Day