Tuesday, June 16, 2026
Home Blog Page 602

NATIONAL : सीएम ऑफिस को उड़ाने की धमकी, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड के साथ पहुंची पुलिस

0

हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस सहित कई सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. धमकी भरी कॉल मिलते ही हरियाणा सचिवालय और सीएम रेजिडेंस की घेराबंदी कर तलाशी शुरू कर दी गई. बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं. पुलिस कॉल की जांच कर रही है.

हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. चंडीगढ़ पुलिस को एक थ्रेट कॉल के जरिए यह धमकी दी गई, जिसके बाद हरियाणा सचिवालय और सीएम रेजिडेंस की सुरक्षा तुरंत कड़ी कर दी गई है.सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस, सीआईडी, सीआईएसएफ और चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट मोड पर आ गईं. बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ सभी संवेदनशील स्थलों की तलाशी ली जा रही है. मुख्यमंत्री कार्यालय और सचिवालय परिसर में गहन जांच चल रही है.

फिलहाल, धमकी की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है. कॉल की लोकेशन और कॉलर की पहचान के लिए टेक्निकल सर्विलांस शुरू कर दिया गया है.बता दें कि इससे पहले 22 मई को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इस सूचना के बाद कोर्ट परिसर को दोपहर 2 बजे तक के लिए खाली करा दिया गया और सभी कोर्ट की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी.

UP: गले में घुसी थी कील, 4 घंटे चला ऑपरेशन, वेंटीलेटर पर पहुंच गई थी सात साल की बच्ची, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान

0

लखनऊ के KGMU ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने सात साल की बच्ची की जान बचाई, जिसकी गर्दन चीरती हुई कील दिमाग तक पहुंच गई थी. 14 डॉक्टरों की टीम ने 4 घंटे ऑपरेशन कर और 10 दिन वेंटिलेटर पर रखकर उसे नई जिंदगी दी. अब बच्ची स्वस्थ है और ICU से वार्ड में शिफ्ट कर दी गई है.

KGMU लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने एक ऐसा ऑपरेशन किया, जिसे चिकित्सा की दुनिया का चमत्कार कहा जा सकता है. बलरामपुर जिले में रहने वाली एक सात साल की बच्ची एक दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी, अब सुरक्षित है.

दरअसल 15 मई को बच्ची के गले में एक पतली कील घुस गई जो गर्दन और जबड़े को चीरती हुई दिमाग तक पहुंच गई. हालत इतनी गंभीर थी कि बच्ची को होश भी नहीं था. परिजन पहले उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, फिर जिला अस्पताल और आखिर में KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. 16 मई दोपहर 2 बजे बच्ची को ट्रॉमा सेंटर लाया गया.

ENT, न्यूरोसर्जरी और ट्रॉमा विशेषज्ञों की टीम बनाई गई. उसी रात डॉ. समीर मिश्रा और डॉ. वैभव जायसवाल के नेतृत्व में ऑपरेशन शुरू हुआ. चार घंटे चले ऑपरेशन के बाद भी बच्ची की हालत नाज़ुक थी. उसे 10 दिन तक PICU में वेंटिलेटर पर रखा गया. डॉक्टरों की लगातार निगरानी और मेहनत रंग लाई और अब बच्ची ICU से वार्ड में शिफ्ट कर दी गई है.

इस सफल ऑपरेशन में डॉ. रम्भित द्विवेदी, डॉ. यादवेन्द्र, डॉ. लोकेश, डॉ. अर्पिता, डॉ. अर्चना, डॉ. आकांक्षा, डॉ. विशाल, डॉ. रंजीत चन्द्र समेत 14 डॉक्टरों की टीम शामिल रही. यह ऑपरेशन न सिर्फ एक जान बचाने की कहानी है, बल्कि टीमवर्क और मेडिकल तकनीक की मिसाल भी है.

ENTERTAINMNET : लेजेंड्स से लेकर यंग स्टार्स तक, दमदार फिल्मों से हिंदी में भी धाक जमाने को तैयार तमिल सिनेमा

0

तमिल इंडस्ट्री की जो फिल्में पैन-इंडिया फॉर्मुले पर रिलीज भी हुईं वो हिंदी ऑडियंस को उस तरह इम्प्रेस करने में नाकामयाब रहीं, जैसा शायद तेलुगू फिल्मों ने किया है. लेकिन अब तमिल इंडस्ट्री ने भी कमर कस ली है और पैन-इंडिया फॉर्मुले पर कामयाबी बटोरने की दमदार कोशिश करती नजर आ रही है.तमिल इंडस्ट्री से आने वाले कमल हासन और रजनीकांत 80s की दौर में ही हिंदी फिल्मों में नजर आने लगे थे. इन दोनों ने उस समय ‘पैन इंडिया’ कामयाबी पाई थी, जब ये शब्द आज की तरह पॉपुलर भी नहीं था. हालांकि, मॉडर्न पैन-इंडिया फिल्मों के दौर में तमिल इंडस्ट्री काफी पीछे नजर आने लगी है.

इस इंडस्ट्री की जो फिल्में पैन-इंडिया फॉर्मुले पर रिलीज भी हुईं वो अपनी ऑरिजिनल ऑडियंस के बाहर, हिंदी ऑडियंस को उस तरह इम्प्रेस करने में नाकामयाब रहीं, जैसा शायद तेलुगू फिल्मों ने किया है. लेकिन अब तमिल इंडस्ट्री ने भी कमर कस ली है और पैन-इंडिया फॉर्मुले पर कामयाबी बटोरने की दमदार कोशिश करती नजर आ रही है.

2017 में रिलीज हुई डायरेक्टर एस.एस. राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली’ ने मॉडर्न इंडियन फिल्म इंडस्ट्री को ‘पैन इंडिया’ कामयाबी का मतलब बताया. तबसे सिर्फ साउथ की चारों बड़ी फिल्म इंडस्ट्रीज ही नहीं, बॉलीवुड फिल्में भी इस पैन-इंडिया सक्सेस की तलाश करती रहती हैं. राजामौली के साथ इस फॉर्मुले की कामयाबी देख चुकी तेलुगू इंडस्ट्री ने पिछले कुछ सालों में लगातार इसे आजमाया है और तगड़ी कामयाबी भी हासिल की है.

पिछले साल आई अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ हिंदी में भी सबसे कमाऊ फिल्म बनी. जहां तेलुगू इंडस्ट्री इस पैन-इंडिया लहर पर सवार होकर कई बड़ी हिट्स दे चुकी है. वहीं रजनीकांत और कमल हासन जैसे ऑरिजिनल पैन-इंडिया स्टार्स दे चुकी तमिल इंडस्ट्री इस फॉर्मुले पर कामयाबी बटोरने में काफी पीछे नजर आई है.

हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्मों में सिर्फ एक ही तमिल फिल्म है. ये भी 7 साल पहले आई रजनीकांत की फिल्म ‘2.0’ है, जिसने हिंदी में 190 करोड़ कमाए थे. यानी पिछले 7 सालों में एक भी तमिल फिल्म ऐसी नहीं आई है जो हिंदी ऑडियंस को भी उस तरह थिएटर्स में खींच सके जैसे तेलुगू इंडस्ट्री की ‘बाहुबली’, ‘RRR’, ‘पुष्पा 2’ या कन्नड़ इंडस्ट्री से आई ‘KGF’ ने किया है. लेकिन अब ये सीन बदलने वाला है. आने वाले महीनों में तमिल इंडस्ट्री के लेजेंड्स से लेकर यंग स्टार्स तक कई ऐसे प्रोजेक्ट्स लेकर आ रहे हैं जिनमें उत्तर भारत के हिंदीभाषी दर्शकों को थिएटर्स में खींचने का पूरा दम है. आइए आपको बताते हैं इन प्रोजेक्ट्स के बारे में.

तमिल सिनेमा के लिविंग लेजेंड कमल हासन ने ‘विक्रम’ से जैसा जानदार कमबैक किया था, वो देखकर जनता का मुंह खुला रह गया था. अब कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ का जैसा ट्रेलर आया है वो एक दमदार गैंगस्टर ड्रामा की गारंटी लग रहा है. आइकॉनिक डायरेक्टर मणिरत्नम के साथ कमल का ये कोलेबोरेशन एक दमदार कास्ट और ए. आर. रहमान के शानदार म्यूजिक के साथ काफी सॉलिड लग रहा है.

‘ठग लाइफ’ का हिंदी ट्रेलर भी दमदार है और इसे उत्तर भारत में बड़ी रिलीज भी मिलने वाली है. ऐसे में ‘ठग लाइफ’ को अगर जनता से तारीफ मिलनी शुरू हुई तो ये फिल्म हिंदी में भी बड़ा धमाका कर सकती है. ये फिल्म 5 जून को थिएटर्स में रिलीज होगी. देखें ‘ठग लाइफ’ का हिंदी ट्रेलर:

तमिल इंडस्ट्री से आने वाले धनुष की हिंदी फैन्स में तगड़ी फैन फॉलोइंग है. उनका नाम अपने आप में दमदार कहानी की गारंटी बन चुका है. ऊपर से ‘कुबेरा’ में उनके साथ रश्मिका मंदाना, नागार्जुन और जिम सर्भ जैसे दमदार नाम भी हैं. इस फिल्म के टीजर को जनता से सॉलिड रिस्पॉन्स मिला है. ‘कुबेरा’ का टीजर हिंदी में भी रिलीज हुआ है, जिसे देखने के बाद आपको ये महसूस होने लगेगा कि ये बड़े पर्दे पर देखने लायक एक दिलचस्प कहानी है. धनुष की ये फिल्म 20 जून को थिएटर्स में आ रही है. देखें ‘कुबेरा’ का हिंदी टीजर:

सुपरस्टार रजनीकांत, इस बार एक ऐसे यंग डायरेक्टर के साथ फिल्म लेकर आ रहे हैं जिसने अपनी दमदार गैंगस्टर ड्रामा फिल्मों से साउथ से नॉर्थ तक, ऑडियंस को खूब इम्प्रेस किया है. ‘कुली’ में रजनीकांत को लोकेश कनगराज ने डायरेक्ट किया है जो ‘मास्टर’, ‘विक्रम’ और ‘लियो’ जैसी फिल्में बना चुके हैं. इस फिल्म में बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान का लंबा कैमियो भी होने वाला है.

फिल्म का टीजर आ चुका है, जिसके हिंदी टीजर को भी लोगों ने काफी पसंद किया है. 14 अगस्त को रिलीज होने जा रही ‘कुली’, थिएटर्स में ‘वॉर 2’ से क्लैश होने जा रही है. मगर इस फिल्म में अपनी जगह दमदार तरीके से टिके रहने की पावर नजर आ रही है. देखें ‘कुली’ का हिंदी टीजर:

रजनीकांत, कमल हासन, विजय और अजित कुमार जैसे तमिल सुपरस्टार्स की लिस्ट में जनता अब अगला नाम शिवा कार्तिकेयन का जोड़ने लगी है. ‘अमरन’ से शिवा ने नॉर्थ से साउथ तक दर्शकों को इम्प्रेस किया है. तमिल इंडस्ट्री के सभी बड़े स्टार्स कहानी चुनने के मामले में शिवा की तारीफ करते हैं. अब उनकी अगली फिल्म ‘मद्रासी’ एक पैन इंडिया रिलीज होने जा रही है. फिल्म का टीजर दमदार है और शिवा इसमें देखने लायक हैं. 5 सितंबर को रिलीज होने जा रही ‘मद्रासी’ अगर दमदार कंटेंट लेकर आई, तो शिवा में वो पूरा दम है जो ऑडियंस को 3 घंटे आराम से बांधकर रख सकता है. देखें ‘मद्रासी’ का टीजर:

सूर्या के छोटे भाई कार्थी की फिल्म ‘कैथी’ लोगों ने ओटीटी पर हिंदी में भी खूब देखी है. बड़ी पैन इंडियन तमिल फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन’ भी हिंदी में हिट रही थी और इसमें कार्थी का काम बहुत पसंद किया गया था. यानी हिंदी दर्शकों में कार्थी की एक पहचान तो है. कार्थी की सुपरहिट फिल्म ‘सरदार’ का सीक्वल आ रहा है जो एक बड़े बजट की सॉलिड एक्शन थ्रिलर नजर आ रही है. इस फिल्म का टीजर आ चुका है मगर रिलीज डेट अभी नहीं रिवील की गई है. देखें ‘सरदार 2’ का हिंदी टीजर:

टीजर देखकर ही आपको लगने लगेगा कि ये एक मजेदार फिल्म है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि ‘सरदार 2’ मार्च में रिलीज होने वाली थी, मगर मेकर्स ने इसका एक्सपीरियंस और बेहतर बनाने के लिए इसे टाल दिया. फिल्म रिलीज इसी साल होनी है और टीजर देखकर तो लगता है कि ये जब भी रिलीज होगी, थिएटर्स में धमाल मचाएगी.

Bhilwara: डंपर ने महिला और उसके दो साल के बेटे को कुचला, पत्नी ने पति की गोद में तोड़ा दम

0

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक डंपर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी. हादसे में महिला और दो साल के बेटे की मौत हो गई. घायल पति ने पत्नी को गोद में उठाया लेकिन वह दम तोड़ चुकी थी. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल चौराहे पर गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. जहां बाइक सवार एक परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे महिला और दो साल के मासूम की मौत हो गई. हादसे की सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

करेड़ा निवासी लादूलाल रैगर (40) अपनी पत्नी रेखा देवी (35) और दो साल के बेटे मुकेश के साथ भीलवाड़ा से डॉक्टर को दिखाकर बाइक से लौट रहे थे. बारिश के बीच मांडल चौराहे पर पीछे से आए एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.टक्कर के बाद लादूलाल सड़क किनारे गिर गए, जबकि पीछे बैठी रेखा और बेटा मुकेश डंपर के टायरों के नीचे आ गए. वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर डंपर को रुकवाया और मां-बेटे को बाहर निकाला.

घटना के समय बारिश हो रही थी और सड़क पर पानी जमा था. अफरा-तफरी के बीच तीनों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया. घायल लादूलाल का इलाज चल रहा है.हादसे के बाद लादूलाल पत्नी को गोद में लेकर रोता रहा. रेखा की मौके पर ही मौत हो गई थी. डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन जब्त कर लिया गया है. घटना से नाराज लोगों ने विरोध जताया और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.

MAHARASHTRA : खिड़की तोड़कर घर में घुसा दरिंदा…17 वर्षीय लड़की से किया रेप

0

महाराष्ट्र के मुंबई में एक शख्स घर की खिड़की तोड़कर घुस गया. इसके बाद 17 वर्षीय लड़की के साथ रेप किया और फिर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

महाराष्ट्र के मुंबई में एक शख्स घर की खिड़की तोड़कर घुस गया. इसके बाद 17 वर्षीय लड़की के साथ रेप किया और फिर फरार हो गया. इस घटना की शिकायत के बाद से ही पुलिस जांच में जुटी थी. वहीं, अब पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को एक व्यक्ति को 17 वर्षीय लड़की के घर में खिड़की से घुसकर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. विक्रोली पार्कसाइट पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने आरोपी की पहचान समीर शेख (31) के रूप में की है.

अधिकारी ने कहा कि उसे तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया. शेख पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत बलात्कार और अन्य अपराधों का आरोप लगाया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही आरोपी के खिलाफ पिछले रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.

UP : कानपुर की प्रदर्शनी में हादसा… आवाज के साथ टूटा झूला, जमीन पर गिरकर बच्चे घायल, चीख-पुकार के बीच संचालक मौके से फरार

0

यूपी के कानपुर में लगी एक प्रदर्शनी में हादसा हो गया. यहां बच्चों के लिए लगाया गया झूला अचानक टूट गया. झूले में बैठे बच्चे जमीन पर गिर पड़े, जिससे दो मासूम घायल हो गए. हादसे के बाद झूला संचालक मौके से फरार हो गया, वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन और आयोजनकर्ताओं के प्रति गुस्सा देखने को मिला.

यूपी के कानपुर में गर्मी के मौसम में लगाई गई प्रदर्शनी में हादसा हो गया. यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए एक झूले के टूट जाने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे के वक्त झूले में आधा दर्जन बच्चे सवार थे, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद झूले का संचालक मौके से फरार हो गया है, जिसे पुलिस तलाश रही है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना कानपुर के एक व्यस्त इलाके में लगी प्रदर्शनी की है, जहां बच्चों के लिए विभिन्न झूले लगाए गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झूला अचानक तेज आवाज के साथ टूटा और उसमें बैठे बच्चे जमीन पर आ गिरे. इस हादसे में 16 वर्षीय करण और 13 वर्षीय अनुभव को चोटें आईं. झूले की टूटने की आवाज सुनकर मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को झूले से निकालकर अस्पताल पहुंचाया. दोनों बच्चों का अस्पताल में इलाज किया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है. लोगों का कहना है कि झूले के गिरने से और किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन अगर झूले में ज्यादा लोग होते, तो एक बड़ी घटना हो सकती थी.

एक महिला ने कहा कि अचानक झूला गिर गया. बच्चे चिल्लाने लगे. एक बच्चा तो बेहोश हो गया था. झूला वाला भाग गया. वहीं एक अन्य युवक ने कहा कि इस तरह के आयोजनों में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं होती. प्रशासन को सख्ती करनी चाहिए. पुलिस के मुताबिक, झूले में दो बच्चे घायल हुए हैं, अस्पताल में दोनों का इलाज करके घर भेज दिया गया है. झूला संचालक की तलाश की जा रही है. गनीमत रही कि झूले में ज्यादा लोग नहीं थे.

BIHAR : झगड़े में दीवार से गिरे रिटायर्ड रेलकर्मी, गर्दन टूटने से हो गई मौत…

0

बिहार के मुंगेर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 71 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी की एक युवक से कहासुनी के दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने गला दबाकर की गई हत्या करार दिया, लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, तो घटना सामने आ गई. फुटेज में हाथापाई के दौरान दीवार से गिरने के कारण मौत की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

बिहार के मुंगेर जिले में एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में चौंकाने वाला मोड़ आया है. यहां 71 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी की एक युवक से विवाद के दौरान गर्दन टूट गई और मौत हो गई. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पूरी घटना सामने आ गई. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना मुंगेर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर बस्ती गांव की है. यहां रहने वाले 71 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी रसिकलाल मंडल का विजय कुमार सहनी नाम के युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था.इस दौरान हाथापाई और मारपीट होने लगी. दोनों व्यक्ति एक साथ दीवार से कूद गए, जिसमें वृद्ध की गर्दन और सिर में चोट लगने से मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि विजय कुमार सहनी ने बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या कर दी.

इस दौरान घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को जब पुलिस ने खंगाला तो गला दबाकर हत्या करने जैसा कुछ नहीं निकला. सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि किस तरह बुजुर्ग रसिकलाल मंडल और विजय के बीच विवाद हुआ. बुजुर्ग ने विजय को दीवार से फेंकने की कोशिश की, तभी दोनों एक साथ दीवार से नीचे गिर गए. इसके बाद विजय उठ खड़ा होता है, लेकिन बुजुर्ग नहीं उठ सका.

बरियारपुर थानाध्यक्ष वीरभद्र कुमार सिंह फोन पर बताया कि बरियारपुर बस्ती के रहने वाले 71 वर्षीय रसिकलाल मंडल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया गया है. एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज आया है, जिसमें गला दबाकर हत्या करने ऐसा कुछ नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

UP : हरदोई में बारातियों से भरी तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 5 लोगों की मौत, 6 घायल

0

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जाता है कि शादी से वापस लौट रही एक अर्टिगा कार तेज़ रफ्तार में मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. जिससे कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई. जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.

हादसा मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम भुप्पा पुरवा मोड़ के पास का है. यहां पर पाली थाना क्षेत्र के पटियानीम के नीरज की बारात कुसुमा गांव गई थी. शादी कराकर अर्टिगा कार सवार पटियानीम निवासी जितेंद्र, आकाश, सिद्धार्थ, रामू, जौहरी व 6 अन्य लोग तड़के सुबह वापस लौट रहे थे. तभी आलमनगर मार्ग पर भुप्पा पुरवा मोड़ पर तेज़ रफ़्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई.घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर फंसे सभी घायलों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद में भर्ती कराया. जहां डॉक्टर ने जितेंद्र, उसके पुत्र सिद्धार्थ, रामू, आकाश और जौहरी को मृत घोषित कर दिया. जबकि 6 लोगों का इलाज चल रहा है.

मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सीओ अनुज कुमार मिश्रा ने बताया कि घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है और शवों का पंचायत नामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. घटना 31 मई 2025 की रात्रि को थाना पाली के मोहल्ला पटियानीम की है.

UP : निवेश के नाम पर रिटायर नौसेना अधिकारी से 2 करोड़ की ठगी, 6 गिरफ्तार

0

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक सेवानिवृ्त्त नौसेना अधिकारी से 2 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी से 2 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जवान से फर्जी शेयर ट्रेडिंग स्कीम में निवेश का लालच देकर ठगी की गई.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार झा ने बताया कि लालपुर गांव निवासी भूपेंद्र सिंह को आरोपियों द्वारा चलाए जा रहे एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मार्च और अप्रैल के बीच 2.08 करोड़ रुपये निवेश करने का लालच दिया गया था. अधिकारी ने बताया कि ग्रुप ने उच्च रिटर्न का झूठा वादा किया और बाद में अपने तथाकथित “मुनाफे” को जारी करने के लिए 50 लाख रुपये और मांगे.

आरोपियों के पास से पुलिस ने 3 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन और पहचान दस्तावेज बरामद किए. पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से अब तक 2 लाख रुपये वापस किए जा चुके हैं और बैंक खातों में 17 लाख रुपये फ्रीज कर दिए गए हैं.पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अब तक ऐसे ही कितने और लोगों को शिकार किया जा सकता है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

NATIONAL : झारखंड के दुमका में हादसा… नदी में नहाते समय दो चचेरी बहनों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

0

झारखंड के दुमका जिले में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. यहां नदी में नहाने गईं दो चचेरी बहनों की डूबकर मौत हो गई. मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल थी. यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों बहनें फिसलकर गहरे पानी में चली गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

झारखंड के दुमका जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां नदी में नहाने गई दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसा डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

एजेंसी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को गंदरकपुर गांव में हुई, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. मृतकों की पहचान 16 वर्षीय पूजा गोराई और 20 वर्षीय उमा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें गर्मी की तपिश से राहत पाने के लिए गांव के पास बह रही नदी में नहाने गई थीं. नहाते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में फिसलकर डूब गईं. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक दोनों बहनें पानी में समा चुकी थीं. गांव वालों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और दुमका सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

दोनों लड़कियां आपस में ममेरी बहनें थीं. पूजा गोराई पढ़ाई कर रही थी, जबकि उमा स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी. दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में कोहराम मच गया है और गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा रहा.यह हादसा गर्मी के मौसम में पानी से जुड़ी लापरवाही की एक बार फिर चेतावनी बनकर सामने आया है. प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी या तालाब में नहाते समय बेहद सतर्क रहें, खासतौर पर बच्चों और किशोरों को अकेले पानी में न जाने दें.

 

- Advertisement -