Thursday, February 12, 2026
Home Blog Page 957

हरियाणा में डंकी में भेजने वाले सभी एजेंटो की होगी गिरफ्तारी, SIT ने सभी SP को लिखा पत्र

0

अमेरिका से वापस भेजे गए हरियाणा के युवाओं ने वहां से आप बीती बताई है, वहीं अजेंटो पर भी बड़े आरोप लगाए है। लोगों को जिन एजेंटों ने डंकी रुट के जरिए भेजा था, उन पर पुलिस शिकंजा कसने जा रही है। ऐसे मामलों के लिए प्रदेश में पहले से गठित एसआईटी ने सभी जिलों के एसपी को पत्र लिखा है।


पत्र में कहा है कि ऐसे एजेंटों की सूची बनाई जाए और उन कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इसी बीच कुरुक्षेत्र में अमेरिका से लौटे सभी 14 लोगों की शिकायत वीरवार को ही ले ली गई। फतेहाबाद के भूना में भी पुलिस लौटे प्रवासी के घर पहुंची थी। एसआईटी के प्रमुख सिबास कविराज की ओर से लिखे गए पत्र के अनुसार, जिस-जिस जिले में युवाओं की वापसी हुई है, वहां की स्थानीय पुलिस युवाओं के घर खुद जाएगी और उनकी शिकायत लेगी।

इसके बाद उनको भेजने वाले सभी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने सहित अन्य धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करेगी। जैसे-जैसे डंकी रूट से आने वाले युवाओं की संख्या बढ़ेगी, उनका नाम भी पुलिस रिकॉर्ड में जुड़ता जाएगा। सभी जिलों में ट्रैवल एजेंसियों के पंजीकरण की जांच भी की जाएगी।

Haryana: Bank से महिला ने चुराए 10 लाख रुपये, दोबारा गई तो हो गया बड़ा कांड

0

हरियाणा के भिवानी स्थित एसबीआई बैंक से एक महिला ने 10 लाख रुपये से भरा एक बैग गायब कर दिया। बैग गायब करने के बाद महिला ने पैसे राजगढ़ जिले में कडिया गांव पहुंचा दी थी। जानकारी लगने के बाद भिवानी से क्राइम ब्रांच की टीम बोड़ा थाने पहुंची व यहां की पुलिस की मदद से 9 लाख 70 हजार रुपये बरामद किए हैं।जबकि आरोपित महिला को पहले ही भिवानी से गिरफ्तार कर लिया था।

16 दिसंबर 2024 को एक महिला 10 लाख रुपये जमा करने के लिए हरियाणा के भिवानी में स्थित एसबीआई बैंक शाखा गई हुई थी। महिला रुपयों से भरा बैग लेकर जैसे ही बैंक पहुंची तो वहां पर एक महिला ने बैग को पार कर दिया था।मामले की शिकायत दर्ज होने पर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम महिला को तलाश रही थी, जिसके कुछ दिन बाद महिला को भिवानी से ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

भिवानी से महिला को गिरफ्तार करने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने सख्ती के साथ पूछताछ की। ऐसे में महिला ने बताया कि वह मप्र के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाने के कडिया सांसी गांव की रहने वाली है। चोरी की गई राशि उसने अपने गांव कडिया सांसी पहुंचा दी है।

इसके बाद वहां से क्राइम ब्रांच की टीम बुधवार को महिला को अपने साथ लेकर पहले बोड़ा थाने पहुंची थी। बोड़ा पुलिस के साथ फिर गांव पहुंची। वहां से बोड़ा पुलिस की मदद से 9 लाख 70 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। 16 दिसंबर को एसबीआइ बैंक से 10 लाख का बैग गायब करने के बाद से ही आरोपित महिला गायब चल रही थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही थी। कुछ दिन बाद फिर से उसी एसबीआई बैंक में चोरी की नियत से पहुंची थी, जहां भिवानी की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

हरियाणा में अब मुफ्त मिलेगी ये मेडिकल सुविधा, सरकार का बड़ा फैसला..

0

हरियाणा में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए अच्छी खबर है। अब जिन लोगों के पास भी आयुष्मान कार्ड होगा वह फ्री में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवा सकेंगे।

दरअसल कुत्ते द्वारा काटे जाने पर आमतौर पर एक व्यक्ति को चार एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने होते हैं।  एक इंजेक्शन की कीमत लगभग 100 रुपये तक होती है। वहीं प्राइवेट अस्पतालों में इन इंजेक्शनों की कीमत बहुत अधिक होती है। जहां एक डोज करीब 700 रुपये का होता है और चार इंजेक्शनों की कीमत करीब 2800 रुपये तक होती है। लेकिन अब आयुष्मान कार्ड धारकों को हरियाणा में ये सुविधा फ्री मिलेगी। अगर किसी को कुत्ते द्वारा काटा जाता है, और उसके पास आयुष्मान कार्ड है तो उसे अस्पताल में एंटी रैबिज के इंजेक्शन फ्री में लगेंगे।

बीके अस्पताल में इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए कई जगहों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं, जिससे लोग इस मुफ्त स्वास्थ्य सेवा का फायदा ले सकें। बता दें कि ये सुविधा सिर्फ आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए ही नहीं, बल्कि बीपीएल कार्ड धारकों और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध है, जिनका भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाता है। इससे न सिर्फ इलाज सस्ता हुआ है, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो गई है।

हरियाणा सरकार की सख्ती: इन कर्मचारियों की होगी जबरन रिटायरमैंट

0

हरियाणा के सरकारी विभागों में  काम को लेकर ढुलमुल रखने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जबरन रिटायरमेंट की तलवार लटक गई है। इस मामले में सभी विभागों में कमेटियां गठित होगी जो अनिवार्य सेवानिवृत के मामलों में समीक्षा करेगी। इसके अलावा बोर्ड और निगमों में भी ऐसे मामलों में समीक्षा कमेटी का गठन होगा।

मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने हाल ही में आयोजित अधिकारियों की मीटिंग में निर्देश दिया है कि 50 साल से ज्यादा उम्र के अधिकारियों की अनिवार्य सेवानिवृति के मामलों मे पहले इनकी समीक्षा के लिए कमेटियां गठित होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि जल्द ही लिटिगेशन पॉलिसी तैयार की गई। इस पॉलिसी के बनने से कर्मचारियों से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय कमी आएगी। ढुलमुल काम नहीं करने वाले 50  साल से ज्यादा उम्र के कर्मचारियों को जबरन रिटायरमेंट के लिए साल 2019 में पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पॉलिसी में संशोधन किया था।

हरियाणा में कांग्रेस सिम्बल पर लड़ेगी निकाय चुनाव, परिषद-पालिका पर फैसला नहीं

0

हरियाणा के विधानसभा चुनावों में मिली शिकस्त के बाद कांग्रेस का अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से भरोसा उठ गया है। प्रदेश में होने वाले शहरी स्थानीय निकाय – नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से करवाने की मांग कांग्रेस ने उठाई है। इस मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से भी मुलाकात करेगा।

वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस ने नगर निगमों में मेयर तथा निगम पार्षदों के चुनाव पार्टी सिम्बल पर लड़ने का निर्णय लिया है। नगर परिषद और नगर पालिका में चेयरमैन/अध्यक्ष के भी डायरेक्ट चुनाव होंगे लेकिन कांग्रेस ने परिषद और पालिका पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। निकाय चुनाव की तैयारियों व रणनीति को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बड़ी बैठक शुक्रवार को नयी दिल्ली में हुई। प्रदेशाध्यक्ष चौ़ उदयभान ने बैठक की अध्यक्षता की।

बैलेट पेपर पर चुनाव की मांग को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह से मुलाकात का समय लेने के लिए प्रदेशाध्यक्ष चौ़ उदयभान को अधिकृत किया है। इस बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सिरसा सांसद कुमारी सैलजा तथा राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला शामिल नहीं हुए। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा मामलों के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल व प्रफुल्ल पटेल, रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, हिसार सांसद जयप्रकाश ‘जेपी’ व अंबाला सांसद वरुण चौधरी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, पूर्व स्पीकर व थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, पूर्व शिक्षा मंत्री व झज्जर विधायक गीता भुक्कल, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश मतलौडा, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व मंत्री व नूंह विधायक आफताब अहमद, रोहतक विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर विधायक शकुंतला खटक और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बैठक में आपसी विचार-विमर्श के बाद तय किया गया कि निगम में मेयर व पार्षदों के चुनाव कांग्रेस अपने सिम्बल पर लड़ेगी।

Himachal: मादक द्रव्यों की तस्करी मामले में हिमाचल पुलिस की 10 जिलों में दबिश

0

हिमाचल पुलिस की अलग-अलग टीम ने 10 जिलों में दबिश दी है। मादक द्रव्यों की तस्करी के मामले में यह करवाई की गई। देर रात तक जिला लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़ यह करवाई चलती रही। पुलिस की विशेष टास्क फोर्स द्वारा की गई इस करवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। सूचना के अनुसार पुलिस से जुड़े कुछ अधिकारी और कर्मचारियों के घरों पर भी छापामारी की गई है।

इसके तहत ऊना और बिलासपुर जिले से चिट्टा और शराब के साथ 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी से विभाग को यह भी शिकायत मिली है कि विभाग के कुछ मुलाजिम भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं, ऐसे में दबिश देकर तथ्य खंगाले जा रहे हैं। हालांकि पुलिस मुख्यालय की तरफ से कोई जानकारी सांझा नहीं की गई।

Himachal Weather: इस दिन तक सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ, अटल टनल रोहतांग भी बहाल

0

हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बर्फबारी और मौसम में आए बदलाव के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ था। अटल टनल रोहतांग, जो भारी हिमपात के कारण तीन दिनों तक बंद रही, अब पर्यटकों के लिए फिर से खोल दी गई है। इसके साथ ही मनाली-केलंग और केलंग-उदयपुर मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। इस बीच, मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आठ से 12 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिससे प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हिमपात व वर्षा की संभावना है।

हालांकि, बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी से प्रदेश की कृषि और बागवानी को कुछ हद तक राहत मिली है, लेकिन अब भी पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है। किसानों को उम्मीद थी कि इस मौसम में अधिक मात्रा में बर्फबारी और बारिश होगी, जिससे जल स्रोत भरेंगे और गर्मी के मौसम में पानी की कमी नहीं होगी। हालांकि, अब तक की स्थिति में यह लाभ सीमित ही रहा है। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है।

ऊना, बिलासपुर और मंडी जिलों में शीतलहर का असर देखने को मिला, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। वहीं, शिमला में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश हिस्सों में दिनभर धूप खिली रही।

मौसम में आए इस बदलाव का असर हिमाचल प्रदेश के पर्यटन और खेल गतिविधियों पर भी पड़ा है। खासतौर पर शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में इस बार स्केटिंग का सीजन अपेक्षाकृत कम चला। हर साल फरवरी के अंत तक स्केटिंग के सत्र आयोजित किए जाते थे, लेकिन इस बार स्केटिंग फरवरी के पहले सप्ताह में ही समाप्त हो गए है। इस साल स्केटिंग के पूरे 34 सेशन ही हो पाए हैं।

इसका मुख्य कारण दिन के समय अधिक तापमान रहना रहा, जिससे रिंक में जमी हुई बर्फ जल्दी पिघलने लगी। रिंक में दिन व शाम के समय स्केटिंग होती है, लेकिन इस बार शाम के समय स्केटिंग के ज्यादा सेशन नहीं हो पाए हैं। दिन में तापमान अधिक होने के कारण रिंक में जमी हुई बर्फ भी पिघलना शुरू हो गई है।

रिंक के 30 प्रतिशत भाग में ही बर्फ रह गई है। इसके अलावा रिंक की सारी बर्फ पिघल गई है। हर साल रिंक में 20 फरवरी तक स्केटिंग के सेशन होते थे, लेकिन इस बार फरवरी के पहले सप्ताह में ही स्केटिंग के सेशन बंद हो गए हैं।

Himachal: परीक्षा में फेल करने पर छात्र ने दी धमकी! “एचपी बॉस तुम तो गए…बम से उड़ा दूंगा”

0

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला को एक ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी एक ऐसे छात्र द्वारा दी गई बताई जा रही है, जिसने खुद को वर्ष 2024 की परीक्षा में फेल होने वाला छात्र बताया है।

शिक्षा बोर्ड को यह धमकी शुक्रवार शाम को एक ई-मेल के माध्यम से मिली। यह ई-मेल “शिवांक” नाम के अकाऊंट से भेजी गई थी। ई-मेल के सब्जैक्ट में लिखा था – “बच के रहना, गोली से टपका दूंगा”। वहीं, ई-मेल के अंदर लिखे टैक्स्ट में छात्र ने गुस्से और बदले की भावना जाहिर की। उसने लिखा – “एचपी बॉस, तुम तो गए। मुझे रिजल्ट में फेल किया था न। अब गए तुम, ठीक है न। गुड बाय एंड सी यू अगेन। बम से उड़ा दूंगा। समझ आया-2024 में फेल किया है मेरे को.. गुड बाय एचपी बॉस।”

क्या कहते हैं शिक्षा बोर्ड के सचिव 
इस धमकी के बाद शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि वे दिल्ली में हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें इस ई-मेल की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत बोर्ड अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई जाए। विशाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड को इस तरह की धमकियां मिलती रहती हैं।

क्या कहती हैं एसपी कांगड़ा
जब एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस को ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। धर्मशाला थाने के एसएचओ ने भी इस बात की पुष्टि की कि अभी तक शिक्षा बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत उनके पास नहीं आई है।

Himachal: उत्तर भारत के कुख्यात गैंग शाह सिंडिकेट के 4 और गुर्गे गिरफ्तार

0

उत्तर भारत के नामी गैंग शाह सिंडिकेट के गुर्गों को धर दबोचने की शिमला पुलिस की चल रही मुहिम लगातार जारी है। नाइजीरियन के साथ जुड़े इस अंतर्राज्यीय गैंग के चार और गुर्गे पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं, जिन्हें अदालत में पेश करके 10 फरवरी तक का पुलिस रिमांड मिला है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुशील वर्मा निवासी शरमला ठियोग, सुशील शर्मा निवासी घाट पारेन ठियोग, अंशुल राणा निवासी शिलारू ठियोग और रजत ठाकुर निवासी चमियाणा शिमला शामिल हैं। यह चारों आरोपी 30 से 40 वर्ष की उम्र के हैं।

अब तक 30 गुर्गों को किया जा चुका है गिरफ्तार
पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना सहित अब तक 30 गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि करीब 200 अन्य लोग पुलिस की राडार पर हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है। इस सिंडिकेट के 29 बैंक खातों को फ्रीज किया जा चुका है, जिससे यूपीआई व स्कैनर के माध्यम से 4 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ है। शाह सिंडिकेट हिमाचल ही नहीं, अपितु पंजाब, हरियाणा सहित उत्तर भारत के पांच राज्यों में वांटेड है।

युवाओं को नशे की लत में फंसाता था सिंडिकेट
चिट्टा तस्करी के मामलों की जांच में पुलिस ने पाया है कि ड्रग पैडलर पहले युवाओं को नशे की लत में फंसाते हैं और बाद में नशे की लत के कारण युवा गुनाह का रास्ता अख्तियार करने से भी पीछे नहीं हैं और आपराधिक वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। चिट्टे का नशा काफी महंगा होता है और नशे के आदी बनने वाले युवा इसकी आपूर्ति के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं। यहां तक कि युवा अपने परिजनों को ही नशे की लत में फंसा देते हैं और दर्द निवारक दवा बताकर उन्हें भी इसकी लत लगा देते हैं। जिला मंडी में ऐसे 20 परिवारों का खुलासा हो चुका है, जहां पर युवाओं ने ही अपने परिजनों को चिट्टे की लत लगा डाली है।

नशे के लिए गुनाह का रास्ता अपना रहे युवा
नशे के दलदल में फंसने के बाद युवाओं को तस्कर नशे की पैडलिंग करने पर मजबूर कर देते हैं और युवा चिट्टे की लत के कारण न केवल इसका सेवन करते हैं, अपितु इसकी तस्करी को भी बाध्य हो जाते हैं। जिला के सेब बाहुल्य क्षेत्रों में इसका जाल अधिक बुना गया है, क्योंकि सेबों से जुड़े लोग आसानी से पैसा खर्च कर देते हैं। अकेले जिला के रोहड़ू व जुब्बल क्षेत्रों के करीब 200 युवा जेल की हवा खा चुके हैं। इन दोनों उपमंडलों में नशे की ओवरडोज से 5 युवकों की जान चली गई है। पिछले वर्ष पकड़े गए 8 अंतर्राज्यीय चिट्टा गैंग का संबंध जिला शिमला के ऊपरी इलाकों से रहा है, जो जुब्बल, कोटखाई, रोहड़ू, चिड़गांव, कुमारसैन, रामपुर तक के इलाकों को कवर करते हुए युवाओं को चिट्टे का आदी बना चुके हैं।

मिशन क्लीन के तहत किसी को भी नहीं बख्शेगी पुलिस : गांधी
एसपी शिमला संजीव गांधी ने कहा कि शिमला पुलिस की मिशन क्लीन के तहत चल रही मुहिम में किसी को नहीं बख्शा जाएगा। चाहे बड़ा सिंडिकेट हो या फिर छोटा तस्कर, पुलिस सभी को धरेगी और नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इसके लिए पुलिस ने डिजिटल उपकरणों, साइबर सैल और जनसहभागिता से पैडलरों के खिलाफ अभियान छेड़ा हुआ है।

Himachal: कारोबारी को स्वास्थ्य उपकरण ऑनलाइन मंगवाने पड़े महंगे

0

शिमला के एक पर्यटन कारोबारी के साथ सोशल मीडिया साइट के माध्यम से की गई ऑनलाइन खरीदारी महंगी पड़ गई। कारोबारी मनोज को 4,038 रुपए की ठगी का शिकार होना पड़ा, जिसकी शिकायत उन्होंने दर्ज करवाई है। यह मामला शहर के लोअर बाजार क्षेत्र से संबंधित है।

 पार्सल से निकलीं रिन साबुन की 2 टिकियां
कारोबारी ने स्वास्थ्य संबंधी उपकरण ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रैशर और नब्ज मापने की मशीन सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए ऑर्डर किए थे। इसी दौरान वे इलाज के लिए चंडीगढ़ चले गए। बीते दिन उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उनका पार्सल आ चुका है। कारोबारी ने कुरियर बॉय को फोन कर पार्सल दुकान पर मजदूर के पास छोड़ने के लिए कहा और 4,038 रुपए का भुगतान कर दिया। अगले दिन जब कारोबारी ने अपने मजदूर को पार्सल खोलने को कहा, तो वे देखकर चकित रह गए। पार्सल में स्वास्थ्य उपकरणों की जगह मात्र रिन साबुन की दो टिकियां निकलीं। मजदूर ने तुरंत इसकी सूचना कारोबारी को दी।

कंपनी से नहीं हो पाया संपर्क
इसके बाद, कारोबारी ने संबंधित कंपनी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लगा। कई बार कोशिश करने के बावजूद, पार्सल कंपनी से संपर्क नहीं हो पाया। पीड़ित मनोज ने बताया कि फेसबुक पर ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर और नब्ज मापने की मशीन की सेल लगी थी, जिसके झांसे में वे आ गए और ऑर्डर कर दिया। अब कंपनी से कोई संपर्क संभव नहीं हो रहा है। उन्होंने अन्य लोगों से भी फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अनजाने लिंक से खरीदारी करने से बचने की अपील की है।

साइबर विशेषज्ञों की सलाह
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बहुत बार ऑनलाइन शॉपिंग एप्स और सोशल मीडिया पर विज्ञापन के माध्यम से ऐसे प्रोडक्ट दिखाए जाते हैं, जो ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए होते हैं। लेकिन, जब ग्राहक इन्हें खरीदने का प्रयास करते हैं, तो वे ठगी का शिकार हो जाते हैं। गलत प्लेटफार्म से सामान ऑर्डर करने पर न केवल घटिया प्रोडक्ट मिलता है, बल्कि कई बार पैसे भी गवां दिए जाते हैं और सामान नहीं मिलता। विशेषज्ञों के अनुसार हमें किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दिख रहे अनजान लिंक से सामान खरीदने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचनी चाहिए। ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी कई बार झूठे दावे किए जाते हैं, जिनके झांसे में आने से बचना चाहिए। ऑनलाइन शॉपिंग करते समय सतर्कता और सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। अनजान लिंक और आकर्षक ऑफर्स के चक्कर में न पड़ें और हमेशा प्रमाणिक वैबसाइटों से ही खरीदारी करें।

- Advertisement -

News of the Day