Thursday, February 12, 2026
Home Blog Page 963

पूणे में अब तक GBS के 163 मामले आए सामने, 21 मरीज वेंटिलेटर पर

पुणे में एक रहस्यमयी बीमारी लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। गिलियन बैरे सिंड्रोम (GBS) नामक इस दुर्लभ बीमारी के अब तक 163 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 21 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। हैरानी की बात यह है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस बीमारी का प्रकोप क्यों और कैसे फैला। हालांकि, विशेषज्ञ इसे पानी से फैलने वाली किसी जीवाणुजनित बीमारी से जोड़ रहे हैं। पुणे के अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही थी, लेकिन अब राहत की बात यह है कि डिस्चार्ज होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।

डॉक्टर्स ने दी राहत की खबर, स्थिति में सुधार

दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के कंसल्टेंट इंटेंसिविस्ट डॉ. समीर जोग के अनुसार, ‘हमारे अस्पताल में भर्ती 36 मरीजों में से 16 को डिस्चार्ज कर दिया गया है, क्योंकि उनमें सुधार देखा गया है।’ उन्होंने बताया कि 15 से 19 जनवरी के बीच हर दिन 3-4 नए मामले सामने आ रहे थे, लेकिन 26 से 29 जनवरी के बीच यह संख्या घटकर लगभग एक रह गई। पिछले तीन दिनों में एक भी नया मरीज भर्ती नहीं हुआ है।

21 मरीज अब भी वेंटिलेटर पर, सतर्कता जरूरी

हालांकि डिस्चार्ज होने वालों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन अब भी 21 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टरों का कहना है कि साफ पानी की आपूर्ति और उचित स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है ताकि बीमारी को और फैलने से रोका जा सके।

GBS के पीछे का कारण, क्या पानी है जिम्मेदार?

डॉक्टरों और अधिकारियों का मानना है कि GBS के मामलों में अचानक वृद्धि के पीछे दूषित पानी हो सकता है। पूना अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर कोठारी के अनुसार, ‘अस्पताल में आने वाले ज्यादातर मरीज गैस्ट्रोएंटेराइटिस से पीड़ित थे, जो संभावित रूप से कैंपिलोबैक्टर जेजुनी बैक्टीरिया से जुड़ा हो सकता है। यह संक्रमण आमतौर पर GBS विकसित होने से 12-15 दिन पहले होता है।’

पानी के RO प्लांट्स और निजी विक्रेताओं पर जांच

शहर में 20 लीटर के डिब्बों में बेचे जाने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कई जगहों से लिए गए पानी के नमूनों में बैक्टीरिया का उच्च स्तर पाया गया है। PMC के नए विलय किए गए क्षेत्रों में GBS के मामलों की अधिकता को देखते हुए वहां की जल गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

क्या पुणे में GBS का खतरा अब टल रहा है?

संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. अमीत द्रविड़ के अनुसार, ‘GBS मामलों में अब गिरावट देखने को मिल रही है। पहले रोजाना नए मरीज भर्ती हो रहे थे, लेकिन अब यह संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है।’ नवाले अस्पताल के एक अधिकारी ने भी बताया कि उनके अस्पताल में भर्ती 12 मरीजों में से 4 वेंटिलेटर पर हैं और पिछले तीन दिनों में कोई नया मरीज भर्ती नहीं हुआ है।

सावधानी बरतें, सतर्क रहें

डॉक्टरों की सलाह है कि लोग साफ और सुरक्षित पानी पिएं, सार्वजनिक जगहों पर स्वच्छता का ध्यान रखें और संदिग्ध लक्षणों के दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। पुणे में GBS के बढ़ते मामलों की गुत्थी सुलझाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच कर रहा है, लेकिन फिलहाल बीमारी के असली कारण का पता नहीं चल सका है।

Jammu Kashmir : सुरक्षा को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने की अहम बैठक

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पिछले कुछ समय से आतंकी घटनाओं में वृद्धि को लेकर अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ चर्चा की और फीडबैक लिया। गौरतलब है कि सोमवार को सशस्त्र आतंकवादियों ने टी़ए़ के सेवानिवृत्त कर्मी की गोली मार कर हत्या कर दी थी जबकि परिवार को दो अन्य नागरिक घायल हो गए थे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर में आतंकी निरोधी अभियानों को लेकर सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस, सी़.आर.पी़.एफ. एवं अन्य बलों समेत सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ जम्मू कश्मीर के हालात पर चर्चा की। इससे पहले 19 दिसम्बर को उन्होंने सुरक्षा बैठक में जम्मू कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था पर अधिकारियों के साथ चर्चा की थी। उन्होंने निर्देश दिया था कि सभी सुरक्षाबल आपस में तालमेल और समन्वय कायम कर आतंकियों को ढेर करने के लिए अभियान चलाएं।

पिछले कुछ समय से रियासी, डोडा, किश्तवाड़, कठुआ, जम्मू और राजौरी जिलों में आतंकी घटनाओं में वृद्धि हुई है जिसने सुरक्षा एजेंसियों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। इसी के मद्देनजर सुरक्षाबलों ने इन जिलों में तलाशी अभियान तेज किए हैं ताकि आतंकवादियों का सफाया किया जा सके। गौरतलब है कि आगामी मार्च-अप्रैल में पंचायत चुनावों की घोषणा हो सकती है और दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव भी होना है। सूत्रों के अनुसार जून में वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले चुनाव आयोग का प्रयास रहेगा कि पंचायत चुनाव करवाए जाएं। पंचायत चुनावों को लेकर मतदाता सूचियों में संशोधन चल रहा है और अब अंतिम प्रकाशन किया जाएगा जिसमें नए युवा मतदाताओं को भी जोड़ा गया है। इसी के चलते जम्मू कश्मीर के हालात को लेकर गृहमंत्री ने सुरक्षा व्यवसथा को लेकर चर्चा की है।

Jammu Kashmir में चुपके से बढ़ रही यह जानलेवा बीमारी, सामने आए डराने वाले आंकड़े

0

जम्मू-कश्मीर में कैंसर रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर साल अनुमानित 12,000 से 13,000 नए मामले सामने आ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के कुल मामलों की संख्या पिछले 5 वर्षों में 3468 तक पहुंच गई है। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि 2019 में जम्मू-कश्मीर में 12,396 नए कैंसर रोगी पंजीकृत हुए। पिछले कुछ वर्षों में इस संख्या में धीरे-धीरे वृद्धि देखी गई है।

आंकड़ों के अनुसार 2020 में 12,726 मामले, 2021 में 13,060, 2022 में 13,395 और 2023 और 2024 में 14,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। इनमें से लगभग 20 प्रतिशत रोगी अब प्रारंभिक चरण में उपचार के लिए आ रहे हैं, जिससे उनके प्रभावी उपचार की संभावना बढ़ रही है। 2024 में जम्मू-कश्मीर के प्रमुख अस्पतालों में हजारों नए पंजीकरण दर्ज किए गए।

हर वर्ष हो रहे हजारों नए पंजीकरण

वर्ष 2024 में जम्मू और कश्मीर के प्रमुख अस्पतालों में हजारों नए पंजीकरण दर्ज किए गए। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में 5,200 मामले दर्ज किए गए, जबकि जी.एम.सी. जम्मू में 1,700, जी.एम.सी. अनंतनाग में 500, जी.एम.सी. बारामूला में 100 और जी.एम.सी. कठुआ में 80 मामले दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त लगभग 500 रोगियों ने जी.एम.सी. राजौरी, डोडा और अन्य अस्पतालों में उपचार की मांग की।

चिकित्सक, डॉक्टर और सर्जन इस बढ़ौतरी का श्रेय कई कारणों को दे रहे हैं, जिसमें बढ़ती जागरूकता और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं। पहले उपचार मुख्य रूप से जी.एम.सी. जम्मू, जी.एम.सी. श्रीनगर और स्कीम्स सौरा में उपलब्ध था। अब राजौरी, कठुआ, डोडा, उधमपुर, बारामूला, अनंतनाग और हंदवाड़ा में नए मेडिकल कॉलेज अब विशेष ऑन्कोलॉजी सेवाएं प्रदान करते हैं, जिससे प्रारंभिक पहचान और उपचार अधिक सुलभ हो गया है।

5 प्रकार का कैंसर कर रहा प्रभावित

रिपोर्ट से पता चलता है कि कश्मीर में 5 सबसे आम कैंसर हैं जिनमें गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर (Gastrointestinal Cancer), फेफड़ों का कैंसर (Lung cancer), स्तन कैंसर (Breast Cancer), कोलन कैंसर Colon Cancer) और डिम्बग्रंथि का कैंसर (Ovarian cancer) है। जम्मू के कैंसर संस्थान में पिछले साल 5,964 कैंसर रोगियों ने संस्थान के इनडोर विभाग में इलाज करवाया। औसतन हर महीने 400 से 500 मरीज आते हैं, जिनमें से 5 हजार के करीब मरीज कीमोथेरेपी करवाते हैं और 500 के करीब पी.ई.टी. स्कैन करवाते हैं। संस्थान ने पुरुषों में फेफड़ों के कैंसर और महिलाओं में स्तन कैंसर के मामलों में वृद्धि देखी है। रोगियों की जागरूकता में सुधार हुआ है, जिससे पहले निदान और बेहतर उपचार परिणाम भी सामने आए हैं।

श्रीजना ने पहली बार अकेले मनाया जन्मदिन, बिबेक के लिए लिखी कविता को पढ़ टूट गया दिल

लोग कहते हैं जिंदगी बहुत लंबी है, अकेले इसे गुजारना बहुत मुश्किल है। जब किसी कपल में से एक पाटर्नर गुजर जाए तो दूसरे पर क्या बीतती है वह वही जानता है। जिसका बिना कभी आप एक पल नहीं रह सकते उसके बिना पूरी जिंदगी गुजारना कोई आसान नहीं है। बिबेक पंगेनी की विधवा पत्नी श्रीजना सुबेदी भी कुछ इसी दर्द से गुजर रही है।

PunjabKesari

बिबेक पंगेनी के निधन ने सभी को दुखी कर दिया था। नेपाली इन्फ्लुएंसर दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे और 19 दिसंबर, 2024 को उनकी मृत्यु हो गई। बिबेक और उनकी पत्नी श्रीजना सुबेदी तब मशहूर हुए जब उनके IG रील्स ने लोगों का ध्यान आकर्षित करना शुरू किया। दोनों ने अपने उतार-चढ़ाव भरे सफर को कैमरे में कैद किया और जिस तरह से श्रीजना बिबेक के कैंसर से जंग के दौरान उनके साथ खड़ी रहीं, उसने उन्हें नेटिज़न्स से ‘क्वीन’ की उपाधि दिलाई। अब, बिबेक के निधन के कुछ दिनों बाद, श्रीजना अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कुछ भावनात्मक पोस्ट शेयर कर रही हैं।

PunjabKesari

4 फरवरी, 2025 को श्रीजना का जन्मदिन था हालांकि इस साल उनका ये दिन वैसा नहीं रहा जैसा वे चाहती थीं। अपने जीवन के इस खास दिन पर अपने पति बिबेक को याद करते हुए उन्होंने अपने FB पेज पर एक दिल को छू लेने वाली कविता शेयर की। उन्होंने सितारों की दुनिया में एक-दूसरे को गले लगाते हुए एक जोड़े का चित्र पोस्ट किया। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि कैसे वे बिबेक को एक सितारे के रूप में पहचान पाती हैं, जो हर दिन चमकता है। उन्होंने बताया कि कैसे उनके जन्मदिन से एक दिन पहले, एक और तारे के बगल में लगा तारा, जिसे वे बिबेक समझती हैं, झपका रहा था, जिससे उन्हें लगा कि उनके पति शायद मज़ाक कर रहे हैं।

PunjabKesari

श्रीजना सुबेदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि  उनके जन्मदिन के दिन तारों से भरे आसमान में अंधेरा छा गया। बिबेक को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने सभी जन्मदिन अपने पति के साथ बिताने के बारे में सोचा था, लेकिन वह खुद से किया अपना वादा पूरा नहीं कर सकीं। नोट में उन्होंने यह भी लिखा कि बिबेक उन्हें और उनके सभी अजीब सपनों को जानते थे। उन्होंने अपने नोट में बिबेक को टैग भी किया और ऐसे दिल को छू लेने वाले शब्दों ने नेटिज़न्स को दर्द में डाल दिया।

आने वाले दिनों में यूपी में कोहरा और धूप का खेल! जानें क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान

उत्तर प्रदेश के मौसम में इन दिनों बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बूंदाबांदी के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, और सूरज ने भी थोड़ी देर के लिए अपनी झलक दिखाई, लेकिन वह भी ज्यादा असरदार नहीं था। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह कोहरा या धुंध की स्थिति रहेगी और दोपहर में धूप भी निकलेगी।

यूपी के कई जिलों में हुई बूंदाबांदी
मंगलवार को मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, फिरोजाबाद समेत कई जिलों में दिनभर बूंदाबांदी हुई। वहीं, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, संतकबीर नगर, रायबरेली, बनारस जैसे पूर्वी जिलों में तेज हवाओं के कारण ठंड का अहसास बढ़ा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हल्का कोहरा या धुंध सुबह के समय हो सकता है, लेकिन दिन के समय धूप खिलेगी। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

आगरा का मौसम
आगरा में सोमवार शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई और रात 2:30 बजे बारिश हुई। मंगलवार सुबह बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। दो से तीन बार बूंदाबांदी हुई, लेकिन तेज बारिश नहीं हो पाई। बादल छंटने के बाद शाम को हल्की धूप निकली। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ताजमहल स्थित मौसम केंद्र पर 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बरेली का मौसम
बरेली में भी मंगलवार को मौसम ने करवट ली। सुबह धूप के बाद बादल घिरे और फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई। हालांकि, तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई, लेकिन ठंड का अहसास जरूर बढ़ा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा। हल्की वर्षा के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और लोग ठंड से बचने के लिए घरों में ज्यादा रहे।

9 फरवरी तक रात के तापमान में गिरावट
मेरठ में हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम में बदलाव आया और अधिकतम तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने बताया कि 9 फरवरी तक रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जबकि दिन के समय मौसम साफ रहेगा।

पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 10 फरवरी से एक और पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, लेकिन वह कमजोर होगा और इसका असर उत्तर प्रदेश के मैदानों पर आंशिक रहेगा। इस सप्ताह के अंत तक बारिश की संभावना नहीं है, और फरवरी में भी सामान्य से गर्म मौसम रहने की आशंका जताई गई है।

गढ़वा में 45 आदिवासी परिवार को नहीं मिल रहा राशन, CM हेमंत ने DC को दिए कड़े निर्देश

0

झारखंड के गढ़वा में 45 आदिवासी परिवार पिछले 14 महीने से राशन से वंचित हैं। जानकारी मिलने पर इस मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है।

45 आदिवासी परिवार राशन से वंचित

मामला जिले के बिजका गांव का है। बताया जा रहा है कि 45 आदिवासी परिवारों को डीलर द्वारा व्यापक कटौती कर अनाज दिया जाता था। इस पर जब आदिवासियों ने विरोध किया तो उन्हें राशन मिलना ही बंद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड से लेकर राज्य तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार ही नहीं है। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर सीएम हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है।

“यह स्थिति बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं”

सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर गढ़वा उपायुक्त को टैग करते हुए एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में सीएम ने लिखा है कि यह स्थिति बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं है। गढ़वा जिलाधिकारी तत्काल मामले का संज्ञान लें एवं सभी परिवारों को उनका हक दिलाएं। इसके साथ ही इस स्थिति के लिए दोषी सभी व्यक्तियों पर न्यायोचित कार्रवाई कर सूचना दें।

MCX पर ऑलटाइम हाई पर पहुंचा सोने का भाव, 84000 का लेवल किया पार

0

बुधवार (5 फरवरी) को सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई है। सोने के वायदा आए दिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 84000 के लेवल को पार कर गया है। सोने का भाव 0.45 फीसदी की तेजी के साथ 84,178 रुपए प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 0.07 फीसदी की तेजी के साथ 95,773 रुपए प्रति किलोग्राम पर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के वायदा भाव में तेजी और चांदी की वायदा कीमतों में नरमी देखी जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेज, चांदी नरम

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने के वायदा भाव में तेजी, जबकि चांदी के भाव में गिरावट देखी जा रही है। Comex पर सोना 2,873.70 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला क्लोजिंग प्राइस 2,875.80 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने के समय यह 7.30 डॉलर की तेजी के साथ 2,883.10 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। Comex पर चांदी के वायदा भाव 32.87 डॉलर के भाव पर खुले, पिछला क्लोजिंग प्राइस 33.02 डॉलर था। खबर लिखे जाने के समय यह 0.15 डॉलर की गिरावट के साथ 32.87 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था।

2024 में गोल्ड ने 20% और सिल्वर ने 17% का रिटर्न दिया

बीते साल सोने का भाव 20.22% बढ़ा। वहीं, चांदी की कीमत में 17.19% की बढ़ोतरी हुई। 1 जनवरी 2024 को सोना 63,352 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो 31 दिसंबर 2024 को 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं इस दौरान, एक किलो चांदी की कीमत 73,395 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86,017 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

पंजाब में इस दिन नहीं मिलेगी शराब! लग गई कई पाबंदिया

0

पंजाब के जालंधर जिले के कुछ इलाकों में 11 और 12 फरवरी को मांस और शराब की दुकानें बंद रहेंगी। दरअसल, 12 फरवरी को श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती है, जिसके चलते 11 फरवरी को विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा शोभायात्रा निकाली जा रही है।

इसके चलते जिला मजिस्ट्रेट जालंधर डॉ. हिमांशु अग्रवाल द्वारा लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश दिया है कि उक्त आयोजन के दौरान 11 और 12 फरवरी, 2025 को जालंधर जिले में शोभा यात्रा के मार्ग पर तथा धार्मिक समारोह स्थल के निकट मांस एवं शराब की दुकानें बंद रखी जाएं।

12 फरवरी को पूरे पंजाब में अवकाश रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी यानि बुधवार को पूरे पंजाब में सरकारी अवकाश रहेगा। आपको बता दें कि इस दिन श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती मनाई जाएगी। इसके चलते पंजाब में सभी सरकारी और गैर-सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में 12 फरवरी को पूरे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। श्री गुरु रविदास महाराज की जयंती पूरे देश में श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है। इस वर्ष यह दिवस 12 फरवरी को मनाया जा रहा है, जिसके कारण पंजाब सरकार ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसलिए इस दिन राज्य भर के स्कूल, कॉलेज और सरकारी संस्थान बंद रहेंगे।

रांची में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान चली गोलियां, जुलूस में शामिल 2 लोंगो की मौत

0

झारखंड की राजधानी रांची में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल मंगलवार देर रात दो युवकों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के कतरपा गांव की है। मृत युवकों की पहचान बुधराम मुंडा और मनोज कच्छप के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सरस्वती प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। वहीं दोनों युवक भी जुलूस में शामिल थे। तभी इसी दौरान युवकों पर किसी ने गोली चला दी और गोली लगते ही  दोनों जमीन पर गिर गए। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस   
इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। हालांकि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहैल है।

पंजाब के इन शहरों में बारिश का Alert! जानें अगले 2 दिनों के मौसम का हाल…

0

पंजाब के कई हिस्सों में हाल ही में हल्की बारिश हुई। कल सुबह जहां अधिकांश इलाकों में घना कोहरा महसूस किया गया, वहीं कल शाम और आज सुबह बारिश के बाद अधिकांश इलाकों में लोगों को कोहरे से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी पंजाब के 3 जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं 6-7 फरवरी को पूरे राज्य में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

PunjabKesari

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज तीन जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इनमें एक जिला माझा और 2 जिले दोआब से हैं। विभाग के अनुसार आज पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस बीच, राज्य के शेष सभी जिलों में पूरे सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना है तथा बारिश, कोहरा व शीतलहर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। 6 और 7 फरवरी को पूरे राज्य में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही इन दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर पंजाब के मौसम पर पड़ सकता है।

- Advertisement -