Monday, February 9, 2026
Home Blog Page 994

भारत को 6.4% आर्थिक वृद्धि के लिए राजकोषीय, मौद्रिक नीति में बदलाव की जरूरत: मूडीज

0

मूडीज एनालिटिक्स ने बुधवार को कहा कि रुपए में गिरावट, घटते विदेशी निवेश और अस्थिर मुद्रास्फीति के बीच भारत को वर्ष 2025 में 6.4 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि हासिल करने के लिए अपनी राजकोषीय एवं मौद्रिक नीति में बदलाव करने होंगे। विश्लेषक फर्म मूडीज एनालिटिक्स ने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2025-26 का एक फरवरी को आने वाला बजट घरेलू मांग खासकर निवेश का समर्थन करेगा जबकि राजकोषीय घाटे को जीडीपी के 4.5 प्रतिशत से कम रखने का लक्ष्य रखा जाएगा।

वित्त वर्ष 2023-24 में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 5.6 प्रतिशत था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घटकर 4.9 प्रतिशत रह जाने का अनुमान है। मूडीज एनालिटिक्स में सह-अर्थशास्त्री अदिति रमण ने कहा, “भारत 2025 में मुश्किल हालात का सामना कर रहा है। रुपये में आ रही कमजोरी, घटता विदेशी निवेश और अस्थिर मुद्रास्फीति सबसे बड़े आर्थिक जोखिम वाले क्षेत्र हैं। अगर भारत को 6.4 प्रतिशत की वृद्धि हासिल करनी है, तो राजकोषीय और मौद्रिक नीति में बदलाव की जरूरत है, जो साल की पहली छमाही में हो सकते हैं।”

रेटिंग एजेंसी मूडीज की सहयोगी इकाई ने कहा कि 2024 में भारत एशिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक था लेकिन पहली तीन तिमाहियों में इसकी जीडीपी वृद्धि कम हुई है। दिसंबर तिमाही में जीडीपी वृद्धि में तेजी आने से कैलेंडर वर्ष 2024 में कुल मिलाकर 6.8 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। इसके मुताबिक, इसकी तुलना 2023 की 7.8 प्रतिशत वृद्धि से की जाए तो अर्थव्यवस्था की नरमी वर्ष 2025 के लिए सतर्क रुख अपनाने का संकेत दे रही है। ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने से घरेलू मांग कम होगी। इसके अलावा अमेरिका में भारतीय आयातों पर शुल्क बढ़ने से निर्यात परिवेश चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

मारुति का मुनाफा 13% बढ़कर 3,525 करोड़ रुपए पर पहुंचा, रिकॉर्ड 99,220 वाहनों का किया निर्यात

0

देश की सबसे बड़ी कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार, 29 जनवरी को चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका स्टैंर्डअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 13% बढ़कर 3,525 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 3,130 करोड़ रुपए था। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, मारुति सुजुकी इंडिया का ऑपरेशन से रेवेन्यू 16% बढ़कर 38,492.1 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 33,308.7 करोड़ रुपए था।

दिसंबर तिमाही में मारुति ने रिकॉर्ड 99,220 वाहनों का निर्यात किया

कंपनी ने तीसरी तिमाही में कुल 5,66,213 वाहन बेचे। घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 4,66,993 यूनिट रही। जबकि निर्यात 99,220 यूनिट्स का रहा, जो किसी भी तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा निर्यात है। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी की कुल बिक्री 5,01,207 यूनिट थी, जिसमें घरेलू बाजार में 4,29,422 यूनिट और निर्यात बाजार में 71,785 यूनिट शामिल थे।

दिसंबर तिमाही के दौरान, कंपनी ने अब तक की सबसे अधिक नेट सेल दर्ज की, जो 36,802 करोड़ रुपए रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 31,860 करोड़ रुपए थी।

मारुति का शेयर करीब 2% गिरा

BSE पर, आज के इंट्रा-डे ट्रेड में मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर 1.51% टूटकर 11940 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। कंपनी का शेयर पिछले एक महीने में करीब 11% बढ़ा है। वहीं, सालना आधार पर शेयर ने निवेशकों को लगभग 20% का रिटर्न दिया है।

हिसाशी ताकेउची को फिर से सौंपी MD एंव CEO की जिम्मेदारी

मारुति के बोर्ड ने हिसाशी ताकेउची को एक अप्रैल 2025 से तीन साल की अतिरिक्त अवधि के लिए MD एंव CEO के रूप में फिर से नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ताकेउची को पहली बार एक अप्रैल, 2022 को इन पदों पर नियुक्त किया गया था। उन्होंने केनिची आयुकावा की जगह ली थी जो 31 मार्च 2022 को सेवानिवृत्त हो गए थे।

ताकेउची जुलाई 2019 से मारुति सुजुकी के निदेशक मंडल का हिस्सा रहे और अप्रैल 2021 से अपनी पदोन्नति तक संयुक्त प्रबंध निदेशक (वाणिज्यिक) थे। वह 1986 में सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन (एसएमसी) में शामिल हुए। उनके पास एसएमसी के अंतरराष्ट्रीय परिचालन के साथ-साथ विदेशी बाजारों का भी व्यापक अनुभव है।

इस कंपनी को मिला बड़ा ऑर्डर, शेयर ने पकड़ी रफ्तार, उछल गया भाव

0

सरकारी कंपनी रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को आईटी इंफ्रा प्रोजेक्ट की खरीद और मेंटेनेंस के लिए नवोदय विद्यालय समिति से बड़ा ऑर्डर मिला है। इस खबर के बाद रेलटेल के शेयर में जोरदार तेजी देखी गई। बुधवार को सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन, रेलटेल के शेयर में 7% से अधिक की बढ़ोतरी हुई और यह 376.90 रुपए पर पहुंच गया। जुलाई 2024 में यह शेयर 618 रुपए के 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर था, जबकि मार्च 2024 में 301.35 रुपए के निचले स्तर पर पहुंचा था।

ऑर्डर की डिटेल

रेलटेल को नवोदय विद्यालय समिति से जो ऑर्डर मिला है, उसका मूल्य करों सहित 17 करोड़ रुपए से अधिक है। इसे पूरा करने की समयसीमा 27 जुलाई, 2025 निर्धारित है। इससे पहले भी रेलटेल को दो बड़े ऑर्डर मिले। एक की कीमत 78.43 करोड़ रुपए है। यह ऑर्डर भारत कोकिंग कोल से है। वहीं, अजमेर मंडल के निर्माण के लिए 46.79 करोड़ रुपए उत्तर पश्चिम रेलवे के हैं।

रेलटेल के तिमाही नतीजे

दिसंबर 2024 को समाप्त तिमाही में रेलटेल के EBITDA मार्जिन में गिरावट देखी गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 19.4% से गिरकर 15.8% हो गई। हालांकि, कंपनी ने प्रॉफिट में साल-दर-साल (YoY) 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो पिछले वर्ष के 62.1 करोड़ रुपए से बढ़कर 65 करोड़ रुपए हो गया। तिमाही के दौरान राजस्व 767.6 करोड़ रुपए रहा, जो वित्त वर्ष 2014 की तीसरी तिमाही में 668.4 करोड़ रुपए की तुलना में 14.8 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दिखाता है।

कंपनी के बारे में

रेलटेल कॉर्पोरेशन एक नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (पीएसयू) है जो ब्रॉडबैंड और वीपीएन सेवाओं में विशेषज्ञता रखती है। सितंबर 2000 में स्थापित कंपनी का लक्ष्य भारतीय रेलवे के लिए ट्रेन नियंत्रण संचालन और सुरक्षा प्रणालियों को बढ़ाते हुए एक ब्रॉडबैंड, दूरसंचार और मल्टीमीडिया नेटवर्क विकसित करना है। रेलटेल का व्यापक नेटवर्क पूरे भारत में लगभग 5,000 रेलवे स्टेशनों तक फैला हुआ है, जो पूरे देश में प्रमुख वाणिज्यिक केंद्रों को जोड़ता है।

पत्नी के नाम ₹1 लाख जमा करें, पाएं ₹16,000 का ब्याज, सरकारी गारंटी के साथ

0

केंद्र सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की है। इन योजनाओं में से एक प्रमुख योजना है- महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट (MSSC)। इस योजना के तहत महिलाओं को 7.5% का ब्याज मिल रहा है, जो किसी भी अन्य छोटी बचत योजना की तुलना में काफी ज्यादा है। महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट एक सुरक्षित, सरकारी गारंटी वाली योजना है, जिसमें महिलाएं अपनी बचत को सुरक्षित और फिक्स ब्याज दर पर जमा कर सकती हैं।

महिलाओं के लिए खास स्कीम

महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट (MSSC) विशेष रूप से महिलाओं के लिए बनाई गई योजना है, और इसमें केवल महिलाओं का ही खाता खोला जा सकता है। इस योजना के तहत महिलाओं को 7.5% का शानदार ब्याज मिलता है। इस स्कीम को 1000 रुपये से भी शुरू किया जा सकता है, और इसमें अधिकतम 2 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं।

1 लाख रुपये पर मिलेगा ₹16,000 ब्याज

इस स्कीम की सबसे खास बात यह है कि यदि कोई महिला इस स्कीम में 1 लाख रुपये जमा करती है, तो 2 साल बाद उन्हें ₹1,16,022 मिलेंगे। इसमें ₹16,022 का ब्याज शामिल है, जो पूरी तरह से गारंटीड है। इस योजना में किसी भी प्रकार का कोई रिस्क नहीं है, क्योंकि यह सरकारी गारंटी के तहत सुरक्षित है।

2 साल में मैच्योरिटी

महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट की मैच्योरिटी 2 साल में होती है, और इस दौरान मिलने वाला ब्याज दर 7.5% है। यह स्कीम विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए है जो सुरक्षित निवेश करना चाहती हैं और उन्हें अच्छा ब्याज दर चाहिए।

कैसे खुलवाएं खाता?

महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट का खाता किसी भी बैंक या पोस्ट ऑफिस में खुलवाया जा सकता है। इसके लिए न्यूनतम 1000 रुपये की जमा राशि रखनी होती है। इसके अलावा, अगर आप एक पुरुष हैं, तो आप अपनी पत्नी के नाम से इस योजना में खाता खोल सकते हैं और लाभ उठा सकते हैं।

सरकारी गारंटी और सुरक्षा

इस स्कीम को केंद्र सरकार द्वारा पूरी तरह से गारंटीड किया गया है। यानी कि इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी रिस्क नहीं है। यह एक पूरी तरह से सुरक्षित और बिना किसी चिंता के लाभकारी योजना है।

all time high Gold Price: 4657 रुपए महंगा हुआ सोना, जानें 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का लेटेस्ट भाव

0

सोने की कीमत आज, 29 जनवरी को नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 506 रुपए बढ़कर 80,819 रुपए हो गया है। यह पिछले दिन के 80,313 रुपए प्रति दस ग्राम से अधिक है। इससे पहले, 24 जनवरी को सोने ने 10 ग्राम 80,430 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था।

इसके साथ ही चांदी की कीमत में भी इजाफा हुआ है। चांदी 678 रुपए बढ़कर 90,428 रुपए प्रति किलो हो गई है। 23 अक्टूबर 2024 को चांदी ने 99,151 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई हासिल किया था।

31 दिसंबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 76,162 रुपए था। वहीं, 31 दिसंबर को 1 किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी। इस साल अब तक सोने की कीमत में ₹4,657 की बढ़ोतरी हो चुकी है, जबकि चांदी की कीमत में भी ₹4,411 का इजाफा हुआ है।

4 महानगरों में सोने की कीमत

दिल्ली : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 76,100 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 83,000 रुपए है।
मुंबई : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 75,950 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 82,850 रुपए है।
कोलकाता : 10 ग्राम 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 75,950 रुपए और 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 82,850 रुपए है।
चेन्नई : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 75,950 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 82,850 रुपए है।

सोने में तेजी के 5 प्रमुख कारण

  • ट्रम्प के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने से जियोलॉजिकल टेंशन बढ़ गई हैं।
  • अमेरिका ने हाल ही में ब्याज दरों में कटौती की है, आगे भी कटौती कर सकता है।
  • डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से सोना महंगा हो रहा है।
  • महंगाई बढ़ने से भी सोने की कीमत को सपोर्ट मिल रहा है ।
  • शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने से लोग गोल्ड ETF में निवेश बढ़ा रहे हैं।

झारखंड में शिक्षकों और छात्रों को पुरस्कार देगी हेमंत सरकार, कैबिनेट की बैठक में की गई घोषणा

0

झारखंड सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों, छात्रों, प्रशासकों और संस्थानों के लिए बीते बुधवार को पुरस्कारों की घोषणा की।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य मंत्रिमंडल ने झारखंड राज्य उच्च शिक्षा पुरस्कार को मंजूरी दी। संयुक्त कैबिनेट सचिव राजीव रंजन ने कहा, ‘‘उच्च शिक्षा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों, छात्रों, प्रशासकों और संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार की नौ श्रेणियां होंगी, जैसे झारखंड राज्य शोध रत्न।” आदिवासी और गैर-आदिवासी भाषाओं के अलावा अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान, प्रायोगिक विज्ञान और आधारभूत विज्ञान में छात्रों को झारखंड राज्य शोध रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

श्रेणी में पहला पुरस्कार 2 लाख रुपये, दूसरा पुरस्कार डेढ़ लाख रुपये और तीसरा पुरस्कार 1 लाख रुपये होगा। बैठक में मंत्रिमंडल ने कुल 6 प्रस्तावों को मंजूरी दी।

शर्मनाक: पाकिस्तानी बाप ने की घिनौनी करतूत, TikTok वीडियो बनाने पर कर डाली बेटी की हत्या

0

पाकिस्तान के क्वेटा शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक पिता ने अपनी 15 साल की बेटी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने TikTok वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया। यह घटना 15 जनवरी को हुई और इसमें लड़की के मामा भी शामिल थे।

लड़की का नाम हीरा था और उसके पिता अनवारुल हक को बेटी का TikTok वीडियो बनाना बिल्कुल पसंद नहीं था। अनवारुल जो पहले अमेरिका में रहकर आया था अपनी बेटी को वीडियो बनाने से कई बार रोक चुका था लेकिन हीरा ने उसकी बातों को नजरअंदाज किया। इस पर नाराज होकर उसने अपने साले तैयब अली के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।घटना की जांच में पुलिस ने बताया कि अनवारुल और उसकी पत्नी कुछ समय पहले अमेरिका में रहते थे लेकिन कुछ दिन पहले वह अपनी बेटी के साथ पाकिस्तान वापस लौटे थे। पुलिस ने बताया कि अनवारुल और तैयब अली ने हीरा को मारने के लिए एक साजिश रची थी और हत्या के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी पिता ने पूछताछ में बताया कि अमेरिका में रहते हुए हीरा ने वहां के हिसाब से कपड़े पहने और बाहरी लोगों से मिलने-जुलने की आदत भी बनाई थी जो उनके परिवार को पसंद नहीं थी। पाकिस्तान में करीब 54 मिलियन लोग TikTok का इस्तेमाल करते हैं और हाल ही में पाकिस्तान सरकार ने इस ऐप के कंटेंट पर कड़ी नजर रखने के लिए उसे ब्लॉक भी किया था।

पीली धोती, गले में रुद्राक्ष की माला… मिलिंद सोमन ने बीवी संग लगाई आस्था की डुबकी, भगदड़ से हुए दुखी यूजर्स ने पूछा- VIP या नॉर्मल

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 जारी है। बुधवार को मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए संगम तटों पर करोड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी।  मालूम हो कि मौनी अमावस्या पर संगम नोज पर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई और 60 लोग घायल हो गए।

इन सबके बीच एक्टर मिलिंद सोमन ने भी महाकुंभ मेले में जाकर आस्था की डुबकी लगाई है। वे अपनी पत्नी के साथ महाकुंभ पहुंचे थे जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं।पीली धोती पहने और गले में रुद्राक्ष धारण किए 59 साल के Milind Soman ने महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई। वहीं उनकी पत्नी अंकिता कुंवर रेड कलर के प्रिंटेड सूट में सिंपल लुक में दिखीं। उन्होंने अपना सिर लाल रंग के दुपट्टे से ढका हुआ था।

माथे पर लाल तिलक और चंदन लगाए अंकिता कैमरे को पोज करती नजर आईं। इस दौरान उनके हाथ में भी कलश दिखाई दिया। स्नान के बाद उन्होंने सूरज देवता को अर्ध्य दिया। दोनों आम जनता के बीच बिना किसी सुरक्षा के घूमते-टहलते दिखे।

मिलिंद सोमन ने महाकुंभ में डुबकी लगाते हुए अपनी और वाइफ अंकिता कोंवर की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मौनी अमावस्या के खास दिन अंकिता कोंवर के साथ महाकुंभ में आकर धन्य हो गया! ऐसा आध्यात्मिक स्थान और अनुभव मुझे याद दिलाता है कि अस्तित्व की विशालता में मैं कितना छोटा और महत्वहीन हूं और यहां हमारा हर पल कितना खास है।’

मिलिंद सोमन के पोस्ट पर कई यूजर्स के रिएक्शन आ रहे हैं। एक ने लिखा, ‘वीवीआईपी स्नान या फिर नॉर्मल?’ दूसरे ने पूछा, ‘क्या पानी साफ है?’ बहुत सारे लोग मिलिंद को अपना इंस्पिरेशन बता रहे हैं।मालूम हो कि महाकुंभ में जहां आम जनता 10 से 15 किलोमीटर पैदल चलकर संगम तक पहुंचने को मजबूर है। वहीं वीआईपी और वीवीआईपी लोग अपनी लग्जरी कारों से सीधे संगम जक जा रहे हैं। ऐसे में आम जनता को काफी परेशानी भी हो रही है और सवाल भी उठ रहे हैं कि सबके लिए नियम एक क्यों नहीं हैं।

पंजाब के National Highway पर भयानक बना मंजर, बिछ गई लाशें…

0

लुधियाना जिले के खन्ना में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा  होने की  खबर  सामने आ रही है। दरअसल,  यहां  गन्ने के ढेर के नीचे दबने से 2 किसानों की मौत हो गई। उक्त हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली के  बेकाबू होने के कारण हुआ। मृतकों की पहचान गुरदीप सिंह (35) निवासी माजरी (पायल) और दीदार सिंह (45) निवासी माजरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को सिविल अस्पताल खन्ना के शवगृह में रखवाकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

रस्सी टूटने से संतुलन बिगड़ा
जानकारी के अनुसार बुधवार रात गुरदीप सिंह अपने पड़ोसी माजरी निवासी दीदार सिंह के साथ गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में खन्ना के अमलोह रोड स्थित गन्ना मिल में जा रहे थे। जैसे ही ये लोग बहोमाजरा पहुंचे तो गन्ने के ढेर की रस्सी टूट गई। जिससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और इस दौरान ट्रैक्टर घूमकर रेलिंग पर चढ़ गया। ढलान के कारण गन्ना दोनों किसानों पर गिर गया।

घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर तैनात सड़क सुरक्षा बल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि राहगीरों की मदद से उन्होंने गन्ने के ढेर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। गुरदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दीदार सिंह को इलाज के लिए खन्ना सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था तो रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

Stampede in Prayagraj: महाकुंभ भगदड़ में बिहार की 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, परिवार में छाया मातम

महाकुंभ के दौरान मची भगदड़ में बिहार के सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि कई लोगों के लापता होने की सूचना है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद सभी मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र के माड़नपुर गांव निवासी 65 वर्षीय शिवकली देवी, भोरे थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की 68 वर्षीय सरस्वती देवी, उचका थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव की 65 वर्षीय तारा देवी और बलेसरा गांव निवासी सुशीला देवी शामिल हैं। इसके अलावा औरंगाबाद के गोह प्रखंड के सोसुना गांव निवासी 55 वर्षीय राजरानी देवी, पटना के मनेर की 62 वर्षीय सिया देवी और मुजफ्फरपुर के मुशहरी प्रखंड 60  वर्षीय शिवा देवी ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवा दी  बताया जा रहा है कि सभी मृतक महिलाएं मौनी अमावस्या के मौके पर कुंभ स्नान के लिए गई थी। वहां भगदड़ मचने पर इनकी मौत हो गई। इधर इस घटना में गोपालगंज के 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज प्रयागराज के अस्पताल में जारी है।

बता दें प्रयागराज महाकुंभ में बुधवार तड़के मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वहीं जिला प्रशासन ने महाकुंभ में हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत और 60 लोगों के घायल होने की पुष्टि की हैं। मृतकों में 25 लोगों की पहचान कर ली गई है। जबकि 5 लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेला प्रशासन ने हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किया है। आप (19 20 ) नम्बर पर सम्पर्क भी कर सकते है।

- Advertisement -

News of the Day