संयुक्त किसान मोर्चा ने आज चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। जिसके चलते पूरे पंजाब में हाईटेक चेकप्वाइंट लगाकर किसानों को चंडीगढ़ जाने से रोका जा रहा है। चंडीगढ़ जाने वाली मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने खन्ना जिले के समराला में सैकड़ों किसानों को रोक दिया। ये किसान चंडीगढ़ जाने पर अड़े थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया।

समराला में रोके गए किसान मोगा और फिरोजपुर जिलों के हैं और वे अपने कारवां के साथ जा रहे थे। पुलिस चौकी के बाहर पहले से ही बैरिकेड्स लगा दिए गए थे। जिसके कारण उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। गुस्साए किसानों ने घोषणा की कि वे पुलिस चौकी के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उधर, पुलिस बल तैनात है और धरने पर बैठे किसानों को गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्हें सड़क से हटाने के लिए पुलिस बल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
रास्ते में रोके गए किसान आलू और मटर को जमीन पर फैलाकर छीलते और लाउडस्पीकर पर शांतिपूर्वक अपना रोष प्रदर्शित करते भी नजर आए। धरने पर बैठे किसान बार-बार पुलिस बल से चंडीगढ़ जाने की अपील करते रहे। इस बीच, पुलिस ने हेडो पुलिस चौकी पर चौकी से निकलने वाले वाहनों की जांच की। दो दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ किसान संगठनों की बैठक बेनतीजा रही थी। 24 घंटे पहले पंजाब में पुलिस ने प्रमुख किसान नेताओं को हिरासत में लिया। इसके बाद आज फिर किसान संगठन चंडीगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस के लिए कानून व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है।


