NATIONAL : दिल्ली के वेलकम में हिंसक हुआ मामूली झगड़ा, तीन नाबालिगाें ने चाकू घोंपकर ली शख्स की जान

0
180

वेलकम इलाके में मामूली झगड़े के बाद 39 वर्ष के एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने घटना के कुछ घंटों में ही 3 नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है.दिल्ली के वेलकम इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां मामूली कहासुनी के बाद 39 वर्ष के व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.

इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात के महज चंद घंटों के भीतर ही हत्या में शामिल रहे तीन नाबालिग आरोपियों को दबोच लिया. इन आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है. सभी वेलकम इलाके के रहने वाले हैं.पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:25 बजे पीसीआर कॉल से वेलकम पुलिस को एक शख्स को चाकू मारे जाने की सूचना मिली थी. जिस पर तुरंत ही पुलिस टीम जनता कॉलोनी, पेई मिट्टी इलाके में मौके पर पहुंची.

पुलिस को घायल शख्स को जेपीसी अस्पताल ले जाये जाने का पता चला, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में लाया गया घोषित कर दिया. मृतक की पहचान जनता कॉलोनी के रहने वाले 39 वर्ष के मुस्तकीन के रूप में हुई है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के पीछे आपसी कहासुनी का विवाद था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर मुस्तकीन की जान ले ली. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच की और इलाके में विशेष टीमों को तैनात किया.

इसके बाद मुस्तैद पुलिस टीम को कुछ ही घंटों में सफलता मिल गयी. टीम ने वेलकम इलाके के तीन किशोर आरोपियों को धर-दबोचा. उनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है.

पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह स्वीकारते हुए बताया कि उनके बीच कहासुनी हुई थी, जिससे नाराज किशोरों ने चाकू से मुस्तकीन पर हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए थे. इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या की एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज उन्हें हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच में जुट गई है.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here