मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही एक पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने वाला है जो 29-30 जनवरी के बीच उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में प्रभाव डाल सकता है। इसके कारण जनवरी के आखिरी दिनों में दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के अन्य राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड की वापसी हो सकती है। यह सर्दी का दौर फरवरी के पहले हफ्ते तक जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के ताजे अपडेट के अनुसार निचले स्तरों पर पूर्वोत्तर असम के ऊपर एक चक्रवाती प्रसार सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड पर पड़ेगा। इसके प्रभाव से चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव हो सकता है। फिलहाल देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शून्य से नीचे तापमान
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे गिर गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान एक से पांच डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई मैदानी इलाकों में यह तापमान पांच से 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
हिमाचल और पंजाब में शीतलहर के आसार
पश्चिमी हिमालय और शिवालिक रेंज में भारी बर्फबारी हो सकती है जिससे हिमाचल और पंजाब के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। हिमाचल के कुछ इलाकों में अभी भी प्रचंड शीतलहर जारी है।
अगले 24 घंटों के दौरान पारा गिरेगा
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसी तरह अगले तीन दिनों के दौरान मध्य भारत में भी न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पूर्वी भारत में भी अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।


