ENTERTAINMENT : करोड़पति घराने का सिंगर, पर सरनेम ने बिगाड़ा खेल, कहा- नाम सुनकर काम से निकाल देते थे

0
36

सिंगर अमाल मलिक यूं तो एक म्यूजिकल फैमिली से ताल्लुक रखते हैं, मगर उन्हें इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने में काफी पापड़ बेलने पड़े हैं. अमाल ने अब अपनी मुश्किलों के बारे में बात की है. उन्होंने बताया कि अपने सरनेम की वजह से उन्होंने कितना संघर्ष किया है.

अमाल मलिक म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं. बिग बॉस 19 से उन्हें घर-घर में बड़ी पहचान मिली. अमाल शो में अक्सर अपने स्ट्रगल्स पर बात करते नजर आते थे. अब एक बार फिर उन्होंने बताया कि उनके सरनेम की वजह से कई बार उन्हें मुश्किलों और रिजेक्शन का सामना करना पड़ा है. मुश्किल दिनों को याद करते हुए अमाल मलिक ने बताया कि म्यूजिक इंडस्ट्री से होने के बाजवूद भी उन्हें काफी स्ट्रगल करना पड़ा है. शुरुआत में उन्हें इंडस्ट्री में उस तरह से वेलकम नहीं किया गया था, जैसा उन्होंने सोचा था.

अमाल ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि ‘मलिक सरनेम’ ने उनके फेवर में काम करने के बजाए उनके खिलाफ चीजें की. अमाल बोले- मैं असिस्टेंट के तौर पर जहां भी काम करने जाता था, वहां जैसे ही उन लोगों को पता चलता था कि मेरा सरनेम ‘मलिक’ है, तो वो मुझे काम से निकाल देते थे. वो कहते थे- ‘अरे, यह तो उस परिवार से है, यह हमारा म्यूजिक बाहर लीक कर सकता है. लोगों के मन में उस समय ऐसी धारणा बन गई थी.

अमाल ने आगे बताया कि इस भेदभाव का असर उनके भाई पर भी पड़ा. उन्होंने कहा- इस चीज ने मेरे और मेरे भाई (अरमान मलिक) के खिलाफ काम किया. अमाल ने ये भी कहा कि इंडस्ट्री में खानदानी विरासत को लेकर फैली गलतफहमियों की वजह से अक्सर इंसान की मेहनत और काबिलियत को नजरअंदाज कर दिया जाता था.

उन्होंने आगे बताया कि 15 से 25 साल की उम्र के बीच उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर देखा है. वो बोले- मैंने 15 से 25 साल की उम्र के बीच उन 10 सालों में जो कुछ भी देखा, वो शायद लोग जिंदगी के अलग-अलग पड़ाव पर देखते हैं, लेकिन मेरे लिए वो सब बहुत अच्छा रहा, क्योंकि जितने भी स्ट्रगल्स, मुश्किलें और रुकावटें थीं, वो सब मेरी जिंदगी के शुरुआती दौर में ही मैंने देख ली हैं.

अमाल ने ये भी कहा कि मुश्किलों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी, बल्कि उन शुरुआती संघर्षों ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया और जिंदगी को देखने का एक सही नजरिया दिया. अमाल ने ये भी बताया कि इंडस्ट्री से होने के बावजूद उन्हें कभी भी आसानी से कुछ नहीं मिला. जब वो टीनेजर थे, तब उन्होंने असिस्टेंट के तौर पर भी काम किया. इसके अलावा उन्होंने ऐसी भी नौकरी की, जिसमें वो सिर्फ पैसे कमाने और इंडस्ट्री से जुड़े रहने के लिए पोस्ट-प्रोडक्शन के काम के लिए हार्ड डिस्क कैरी करते थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here