NATIONAL : फेसबुक की ‘विदेशी मोहब्बत’ पड़ी महंगी, बुजुर्ग महिला से 50 लाख से ज्यादा की ठगी, जानें पूरा मामला

0
774

मुंबई के कफ परेड में 74 वर्षीय महिला फेसबुक पर विदेशी डॉक्टर बने ठग के झांसे में आ गईं. जनवरी से फरवरी 2026 के बीच उन्होंने अलग-अलग खातों में 50.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.भारत ने डिजिटल क्रांति में तरक्की के नए आयाम तो हासिल कर लिए हैं लेकिन इसके साथ-साथ ठगी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं. दक्षिण मुंबई के कफ परेड में रहने वाली एक 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला डिजिटल ठगों के जाल में फंस गई.

सोशल मीडिया पर खुद को विदेशी डॉक्टर बताने वाले एक शख्स ने भावनात्मक रूप से महिला को अपने झांसे में लिया और किश्तों में कुल 50.80 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली. इस सनसनीखेज साइबर अपराध की शिकायत अब पुलिस के पास पहुंची है.

ठगी के इस खेल की शुरुआत जनवरी 2026 में हुई, जब महिला को फेसबुक पर ‘जोशुआ विलियम डगलस’ नामक व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली. आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से महिला का भरोसा जीता और खुद को न्यूजीलैंड का एक डॉक्टर बताया, जो वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र (UN) की ओर से युद्धग्रस्त यमन में तैनात है. उसने महिला को अपनी झूठी और भावुक कहानियों में उलझाया, जिसमें उसने खुद को एक विधुर बताते हुए अपनी पांच साल की बेटी ‘माया’ की बीमारी का जिक्र किया.

जैसे ही बातचीत फेसबुक से व्हाट्सएप पर पहुंची, आरोपी ने महिला की सहानुभूति का फायदा उठाना शुरू कर दिया. उसने दावा किया कि उसकी बेटी ने जहरीला खाना खा लिया है और उसकी जान बचाने के लिए तुरंत सर्जरी की जरूरत है. इस भावनात्मक दबाव में आकर महिला ने पहली बार 30 हजार रुपये भेज दिए. इसके बाद ठग ने कभी युद्ध क्षेत्र में बैंक खाते फ्रीज होने का बहाना बनाया, तो कभी खुद को टाइफाइड होने की बात कहकर इलाज के नाम पर पैसे मांगना जारी रखा.

3 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच, महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 50.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने एक बार फिर मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर बड़ी रकम की मांग की. शक होने पर जब महिला ने अपने बेटे को पूरी आपबीती सुनाई, तब उन्हें एहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर स्कैम का शिकार हो चुकी हैं. आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसके सभी मोबाइल नंबर बंद मिले.फिलहाल, पीड़िता ने दक्षिण साइबर पुलिस स्टेशन और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here