बनासकांठा में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पत्नी ने प्रेमी और बहन के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. प्रेम संबंध उजागर होने के बाद रची गई साजिश में पहले नशीला पदार्थ खिलाया गया, फिर कुल्हाड़ी से हमला कर जान ले ली गई.
गुजरात के बनासकांठा जिले के थराद तालुका स्थित करबुन गांव से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी और सगी बहन के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रणछोड़जी दरबार के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि उनकी पत्नी धर्मीबा का गांव के ही एक व्यक्ति भाणाभाई माजीराणा के साथ अवैध संबंध था. बताया जा रहा है कि रणछोड़जी को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिससे घर में विवाद बढ़ने लगा था.

इसी के चलते पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर रणछोड़जी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. योजना के तहत एक रात खाना खाते समय धर्मीबा ने अपने पति के भोजन में नींद की गोलियां मिला दीं. जब रणछोड़जी गहरी नींद में सो गए, तब प्रेमी भाणाभाई ने घर में घुसकर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में रणछोड़जी की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे अपराध में धर्मीबा की बहन आनंदबा ने भी सहयोग किया. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे वापस पलंग पर रख दिया. हालांकि, पुलिस को घटना संदिग्ध लगी और जब गहराई से जांच की गई तो साजिश की परतें खुलती चली गईं. पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
थराद पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. लोग इस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं.


