Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के सांगली जिले के आटपाडी तालुका के बनपुरी गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. केवल चोरी के संदेह में दो मासूम बच्चों को उल्टा लटकाकर रात भर अमानवीय यातना दी गई. इस क्रूर अत्याचार में 10 साल की सानिका की मौत हो गई, जबकि उसकी 11 साल की बहन अनुजा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोसी के घर में चोरी के शक के वजह से बच्चों के पिता नाना हैबत यमगर ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठाया. आरोप है कि उन्होंने अपनी ही बेटियों को सजा देने के नाम पर इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया.
बुधवार शाम करीब पांच बजे पिता ने दोनों बच्चियों के हाथ-पैर बांधकर घर के टिन के एंगल से उल्टा लटका दिया. पूरी रात बच्चियां दर्द से तड़पती रहीं और “पानी-पानी” की गुहार लगाती रहीं, लेकिन निर्दयी माता-पिता ने उनकी कोई मदद नहीं की और उन्हें एक बूंद पानी तक नहीं दिया.

असहनीय दर्द के कारण सानिका ने रात में ही दम तोड़ दिया. हैरानी की बात यह रही कि बच्ची के मृत होने के बावजूद वह उल्टी लटकी रही और माता-पिता उसी के नीचे सोते रहे. गुरुवार सुबह दादा ने दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. सानिका की मौत हो चुकी थी, जबकि अनुजा बेहोशी की हालत में पाई गई.
अनुजा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं सानिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. होश में आने के बाद अनुजा ने डॉक्टरों को बताया कि “पिता ने हमें उल्टा लटकाकर पीटा,” जिसके बाद डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी और मामला सामने आया.
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने की संभावना है. इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


