NATIONAL : मासूम का कातिल एनकाउंटर में ढेर, आगरा में बच्ची का गला काट ड्रम में छिपा दी थी लाश

0
66

आगरा में 8 साल की मासूम बच्ची की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद आरोपी ने शव को ड्रम में छिपा दिया था. वहीं अब पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है.

उत्तर प्रदेश के आगरा में 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी सुनील को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में मार गिराया. आरोपी बच्ची की हत्या के बाद से ही फरार चल रहा था. दरअसल 24 मार्च को थाना ताजगंज क्षेत्र से एक 8 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी. बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगा दी थीं. लेकिन अगले ही दिन जो खुलासा हुआ, उसने पूरे आगरा को झकझोर कर रख दिया.

खोजबीन के दौरान बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रहने वाले सुनील के कमरे से बरामद हुआ. मासूम बच्ची की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को कंटेनर में बंद कर दिया था. इस घटना के बाद इलाके के लोग भी आक्रोशित हो गए थे. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुरंत 12 टीमें गठित कर दी थीं.

पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनील फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया था. इसी बीच 27 और 28 मार्च 2026 की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी.घेराबंदी के दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग में एक उप निरीक्षक (दारोगा) घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुनील गोली लगने से घायल हो गया.

घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई. इस तरह 8 साल की मासूम की हत्या के आरोपी का अंत पुलिस मुठभेड़ में हो गया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा, 6 खोखा कारतूस और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य संकलन और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है. इस मामले पर पुलिस उपायुक्त नगर सैय्यद अली अब्बास का कहना है कि बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी. देर रात सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here