NATIONAL : लखनऊ में बैंक के डिप्टी मैनेजर ने की आत्महत्या, लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर मारी गोली

0
64

लखनऊ के गुडंबा में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर काजी अहमद जैद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. 34 वर्षीय जैद का शव घर की छत पर मिला. पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. मोबाइल और पिस्टल कब्जे में लेकर मामले की जांच जारी है.

लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित आदिल नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक्सिस बैंक में तैनात डिप्टी मैनेजर काजी अहमद जैद ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली. 34 वर्षीय जैद का शव घर की छत पर बने स्टोर रूम के बाहर खून से लथपथ हालत में मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामला सोमवार सुबह का है, जिसमें पुलिस अभी जांच-पड़ताल कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, काजी अहमद जैद मूल रूप से गोंडा के रहने वाले थे और आदिल नगर में अपनी पत्नी, एक वर्षीय बेटी, मां, बड़े भाई, भाभी और भतीजे के साथ रह रहे थे. वह इंदिरानगर स्थित एक्सिस बैंक की भूतनाथ शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात थे. परिजनों का कहना है कि जैद शनिवार को परिवार के साथ गोंडा में एक शादी समारोह में गए थे और रविवार देर रात करीब 12:30 बजे वापस लौटे थे.

सोमवार सुबह जब पत्नी की नींद खुली तो जैद कमरे में नहीं दिखे। पहले परिजनों को लगा कि वह बैंक चले गए होंगे, लेकिन जब उनके दोनों मोबाइल फोन कमरे में ही मिले और गाड़ी भी घर के बाहर खड़ी मिली, तो परिवार को शक हुआ. तलाश के दौरान पत्नी जब छत पर पहुंचीं, तो स्टोर रूम के दरवाजे के पास जैद खून से लथपथ पड़े मिले. चीख-पुकार सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस ने मृतक के दोनों मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त कर लिए हैं. एसीपी गाजीपुर के अनुसार, आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here