पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के मामले पर टिप्पणी की है. उन्होंने कहा है कि राघव चड्ढा, भारतीय जनता पार्टी के साथ कंप्रोमाइज्ड हैं. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है. पंजाब के सीएम ने आरोप लगाया है कि चड्ढा, बीजेपी के साथ कंप्रोमाइज्ड हैं.
मान ने शुक्रवार, 3 अप्रैल को कहा कि राघव चड्ढा बीजेपी के साथ compromised हैं. उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कोई मुद्दे तय करती है कि इन मुद्दों पर राज्यसभा में बोलना है . मगर नेता कैंटीन में समोसों के दाम पर बोलता है तो लगता है कि नेता किसी और स्टेशन से बोल रहा है. ऐसी स्थिति में पार्टी नेता पर कार्रवाई करती है.

बता दें आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर चड्ढा को सदन में पार्टी के उपनेता पद से हटाने का आग्रह किया और उनके स्थान पर पंजाब के सांसद अशोक मित्तल का नाम प्रस्तावित किया. सूत्रों के अनुसार, पत्र में कहा गया है कि चड्ढा को सदन में बोलने के लिए ‘आप’ के निर्धारित कोटे से समय आवंटित नहीं किया जाना चाहिए. चड्ढा पंजाब से राज्यसभा सदस्य हैं.चड्ढा एक समय में ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल के करीबी विश्वासपात्र माने जाते थे.
इन सबके बीच आप के दिल्ली इकाई के मुखिया सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले?उन्होंने आगे लिखा, पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है. सदन में सीईसी के खिलाफ प्रस्ताव आया तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया. पार्टी ने सदन से वॉकआउट किया तो सरकार की हाजिरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं. पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव. सरकार के खिलाफ बोलने से घबराते हो. देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो.
इससे पहले, राघव चड्ढा ने आरोप लगाए कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा को कहा है कि राघव चड्ढा के बोलने पर रोक लगाई जाए. लेकिन वह आम आदमी के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं.


