ओलंपियन और भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने रविवार को सोशल मीडिया पर अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) के एक रैंकिंग टूर्नामेंट को लेकर कई आशंकाएं ज़ाहिर की हैं.
साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि वो डब्ल्यूएफ़आई के पूर्व अध्यक्ष “बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली 6 महिला सर्वाइवर्स में से एक हैं.”
विनेश फोगाट ने कहा कि डब्ल्यूएफ़आई ने एक रैंकिंग टूर्नामेंट के आयोजन का एलान किया है जो बृजभूषण शरण सिंह के क्षेत्र गोंडा में आयोजित किया जा रहा है.विनेश ने अपनी सुरक्षा के साथ-साथ इस टूर्नामेंट के निष्पक्ष होने पर गहरी आशंकाएं ज़ाहिर की हैं.के अध्यक्ष संजय सिंह ने अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस से कहा है कि वह उनकी सुरक्षा की ‘व्यक्तिगत तौर पर गारंटी’ देंगे. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विनेश जो कि एक कांग्रेस विधायक भी हैं, उनको इस मुद्दे पर पॉलिटिकल नहीं होना चाहिए.

विनेश फोगाट ने अपने अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी किए गए एक वीडियो में ख़ुद के सर्वाइवर होने की बात बताते हुए कहा कि यह मामला अभी अदालत में है और इसकी सुनवाई जारी है लेकिन परिस्थितयां ऐसी बन गई हैं कि उन्हें मजबूरी में यह बताना पड़ रहा है.
विनेश के इस बयान पर यह समाचार पब्लिश किए जाने तक बृजभूषण शरण सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. ऐसी प्रतिक्रिया या इस मुद्दे से जुड़ा कोई भी बयान आता है तो हम उसे ख़बर में शामिल करेंगे.
बता दें कि 2023 में डब्ल्यूएफ़आई के तत्कालीन अध्यक्ष और पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के ख़िलाफ़ अभियान चलाने वालीं महिला पहलवानों में विनेश फोगाट भी शामिल थीं.

