JAIPUR : राजस्थान में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से बदला मौसम, 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी

0
36

राजस्थान में तेज आंधी, बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि के चलते मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेशभर में गर्मी का असर कम हुआ है और कई शहरों में एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 5 और 6 मई के लिए 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, जोधपुर, उदयपुर और अजमेर सहित कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। अलवर में सबसे अधिक 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि जयपुर, सीकर, पिलानी, अजमेर, करौली, चित्तौड़गढ़, कोटा, टोंक और श्रीगंगानगर में तापमान 4 से 6 डिग्री तक नीचे आया।

सोमवार को अलवर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा, जबकि जैसलमेर सबसे गर्म शहर बना रहा। राजधानी जयपुर में आंधी और बारिश के बाद तापमान घटकर 33.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और अन्य नुकसान की घटनाएं भी सामने आईं। कोटा और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि अजमेर, पीसांगन और कालेसरा में ओलावृष्टि से मौसम सुहावना हो गया। उदयपुर के मावली और जोधपुर के लूणी क्षेत्र में भी तेज बारिश और ओले गिरे। सीकर में पिछले चार दिनों से मौसम में बदलाव जारी है, वहीं चित्तौड़गढ़ में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी-बारिश हुई है। जयपुर के शाहपुरा क्षेत्र में सर्वाधिक 68 मिमी बारिश दर्ज की गई है। आगामी दिनों में कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग सहित उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। उन्होंने बताया कि अगले 3-4 दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, जबकि तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। 9 मई से सीमावर्ती क्षेत्रों में हीटवेव का नया दौर शुरू होने के आसार हैं। 8 से 11 मई के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के क्षेत्रों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here