NATIONAL : बंगाल में फाल्टा पुनर्मतदान से पहले दहाड़े CM सुवेंदु अधिकारी, कहा- ‘जिन्होंने मजबूरन अपना घर छोड़ा, उन सभी लोगों को वापस लाएंगे’

0
40

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है। इस बीच फाल्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा ‘हमारे घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरा करेंगे।’

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने रद्द कर दिया था। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान व्यापक अनियमितताओं के बाद आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को रद्द कर दिया था। आयोग के अनुसार फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को नए सिरे से वोट डाले जाएंगे और वोटों की गिनती 24 मई को की जाएगी।

इस बीच पुनर्मतदान से पहले शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फाल्टा में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सूबे में घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को लागू करने से लेकर पश्चिम बंगाल को मजबूरन छोड़ने वाले लोगों के घर वापसी को लेकर भी जिक्र किया।

घोषणापत्र में किए गए सभी वादे लागू होंगे-CM सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फाल्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा ‘मैं आपके सामने आया हूं और मैं भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आया हूं। हमारे घोषणापत्र में किए गए सभी वादे, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री द्वारा कही गई सभी बातें, हम उन सभी को पूरा करेंगे।’

मजबूरन बंगाल छोड़ने वालों की होगी घर वापसी
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा ‘हम उन सभी लोगों को वापस लाएंगे जिन्हें अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है। मैंने पुलिस को सख्त आदेश दिए हैं: यदि कोई रिश्वत लेते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे सीधे जेल भेज दिया जाए।’

21 मई पुनर्मतदान और 24 मई गिनती
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को नए सिरे से वोट डाले जाएंगे और मतों की गिनती 24 मई को की जाएगी। आपको बता दें कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है, जिसे तृणमूल कांग्रेस (TMC) का गढ़ माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here